मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ शहर में स्थित नजरबाग परिसर की लगभग एक सदी पुरानी ऐतिहासिक इमारत जल्द ही नए स्वरूप में नजर आएगी। लंबे समय से खाली पड़ी पूर्व शासकीय गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल भवन को अब गीता भवन, पुस्तकालय, संग्रहालय और सांस्कृतिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है।
बुधवार को कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने लोक निर्माण विभाग (PWD) और नगर पालिका के अधिकारियों के साथ भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विरासत स्वरूप इस इमारत के संरक्षण और पुनर्विकास को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
1924 में हुआ था निर्माण
यह ऐतिहासिक भवन वर्ष 1924 में तत्कालीन राजशाही शासनकाल के दौरान ‘सवाई महेंद्र स्कूल’ के रूप में बनाया गया था। स्वतंत्रता के बाद यहां शासकीय गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल संचालित होने लगा। समय के साथ भवन की हालत जर्जर होती गई और सुरक्षा कारणों से करीब पांच वर्ष पहले स्कूल को ढोंगा स्थित पॉलिटेक्निक भवन में स्थानांतरित कर दिया गया। तब से यह इमारत उपयोग से बाहर थी।
जीर्णोद्धार के लिए 99 लाख रुपये स्वीकृत
जिले की इस विरासत को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से भवन की मरम्मत और पुनर्स्थापन के लिए 99 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। पीडब्ल्यूडी ने संरचना को मजबूत बनाने और जीर्णोद्धार का कार्य भी शुरू कर दिया है। भवन में वर्तमान में एक बड़ा हॉल, 11 कमरे, चारों ओर बरामदा तथा पर्याप्त खुला परिसर मौजूद है।
गीता भवन के साथ बनेगा संग्रहालय और लाइब्रेरी
प्रशासन की योजना नई इमारत खड़ी करने के बजाय इस ऐतिहासिक भवन का संरक्षण करते हुए इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस सांस्कृतिक केंद्र में बदलने की है। प्रस्तावित योजना के तहत यहां गीता भवन, लाइब्रेरी और संग्रहालय विकसित किया जाएगा, जहां टीकमगढ़ और बुंदेलखंड की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और लोक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।
ओपन एयर थिएटर भी होगा विकसित
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नगर पालिका सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया और प्रभारी अध्यक्ष अंजलि शर्मा को स्वीकृत ड्राइंग के अनुसार कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में ‘मुक्ताकाश मंच’ (ओपन एयर थिएटर) विकसित करने को भी कहा, ताकि यहां सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकें।
निरीक्षण में ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक राकेश गिरी गोस्वामी, पूर्व बैंक अध्यक्ष विवेक चतुर्वेदी, विधायक प्रतिनिधि अरविंद सिंह बुंदेला, पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री मनोज दुबे समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।