भोपाल। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2026 के आयोजन को देखते हुए भोपाल ट्रैफिक पुलिस ने शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। परीक्षा रविवार, 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। शहर में इसके लिए 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
मेट्रो निर्माण कार्य के कारण शहर के कुछ प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं, ताकि परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
आनंद नगर परीक्षा केंद्र के लिए वैकल्पिक मार्ग
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार प्रभात चौराहा-पिपलानी मार्ग पर मेट्रो निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में आनंद नगर स्थित परीक्षा केंद्र जाने वाले विद्यार्थी चेतक ब्रिज, गोविंदपुरा, भेल, महात्मा गांधी चौराहा और पिपलानी पेट्रोल पंप होते हुए अपने केंद्र तक पहुंच सकते हैं।
गौतम नगर केंद्र जाने वाले अभ्यर्थियों को यह मार्ग अपनाने की सलाह
शासकीय गीतांजली कन्या पीजी कॉलेज, गौतम नगर में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को नादरा बस स्टैंड, अग्रवाल धर्मशाला, छोला गणेश मंदिर, जेपी ब्रिज तिराहा और डीआईजी बंगला चौराहा मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष प्रतिबंध
पुलिस ने परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के समीप वाहनों की पार्किंग नहीं करने की अपील की गई है, ताकि परीक्षार्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की बाधा का सामना न करना पड़े।
समय से पहले पहुंचने की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने अभ्यर्थियों से अपने परीक्षा केंद्र का पहले से निरीक्षण कर लेने और परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि समय रहते निकलने से ट्रैफिक जाम या मार्ग परिवर्तन की स्थिति में भी अभ्यर्थी बिना तनाव के परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकेंगे।
ट्रैफिक सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर
यातायात संबंधी किसी भी समस्या या मार्गदर्शन के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 7049104825, 7049104640 तथा व्हाट्सएप नंबर 7587602055 पर संपर्क कर सकते हैं।