मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में सोमवार को स्कीम नंबर-54 स्थित सुमन नगर में गैस पाइपलाइन फटने से बड़ा हादसा हो गया। बोरिंग के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। हादसे में एक महिला समेत चार लोग झुलस गए, जबकि पास में खड़े दो वाहन भी आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए।
बताया जा रहा है कि विजय नगर थाना क्षेत्र के सुमन नगर स्थित जैन मंदिर के पास स्थानीय पार्षद बालमुकुंद सोनी की ओर से बोरिंग का कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान बोरिंग मशीन भूमिगत गैस पाइपलाइन से टकरा गई, जिससे पाइपलाइन फट गई और तेज धमाके के साथ आग भड़क उठी। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह पाइपलाइन इंदौर में आपूर्ति की जानें वाली पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) है।
आग लगते ही मची अफरा-तफरी
धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। आग की चपेट में आने से चार लोग झुलस गए, जिनमें एक महिला भी शामिल है। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल प्रशासन ने घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
पाइपलाइन के नुकसान का आकलन जारी
हादसे के बाद संबंधित गैस कंपनी की टीम पाइपलाइन को हुए नुकसान का आकलन कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बोरिंग कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।