Wednesday, 24 June

राजधानी भोपाल के कोलार क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दानिशकुंज डीके-1 इलाके में पिछले तीन दिनों के भीतर तीसरी चोरी की वारदात सामने आई है। ताजा मामले में अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर घर में रखी नकदी चोरी कर ली।

पुलिस के अनुसार, दानिशकुंज डीके-1 निवासी पी. शशांक हरदास, जो भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं, अपनी पत्नी के साथ पिछले सात दिनों से पुणे गए हुए थे। परिवार के एक सदस्य की तबीयत खराब होने के कारण घर बंद था। इसी दौरान चोरों ने मकान को निशाना बनाया।

प्रारंभिक जांच में घर से करीब 15 हजार रुपये नकद चोरी होने की जानकारी मिली है। पुलिस का कहना है कि शशांक हरदास के भोपाल लौटने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नकदी के अलावा कोई अन्य कीमती सामान भी चोरी हुआ है या नहीं।

एक ही गिरोह पर पुलिस को शक

लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि इन वारदातों के पीछे एक ही गिरोह सक्रिय हो सकता है। इसी दिशा में जांच तेज कर दी गई है।

200 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले

जांच के दौरान पुलिस ने इलाके और आसपास लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की। फुटेज में एक बाइक और एक इलेक्ट्रिक ऑटो में सवार कुछ युवक देर रात करीब 3 बजे से सुबह 5 बजे के बीच संदिग्ध गतिविधियां करते दिखाई दिए हैं।

पुलिस अब इन संदिग्ध वाहनों की आवाजाही का रूट, वाहन संबंधी जानकारी और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही हाल के दिनों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं से भी इस वारदात का मिलान किया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सभी मामलों के पीछे एक ही गिरोह है या नहीं।

Share.
Exit mobile version