मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी (Food Safety Officer) भर्ती 2025 की अंतिम चयन सूची जारी कर दी है। आयोग ने कुल 123 पदों में से फिलहाल 109 पदों पर चयन परिणाम घोषित किया है। चयनित अभ्यर्थियों की सूची लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग को भेज दी गई है, जिसके आधार पर नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है।
ओबीसी आरक्षण विवाद के कारण 13% पदों का परिणाम लंबित
एमपीपीएससी ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में 87 प्रतिशत मुख्य भाग के पदों का अंतिम परिणाम जारी किया गया है, जबकि 13 प्रतिशत प्रावधिक (प्रोविजनल) भाग का परिणाम फिलहाल रोक रखा गया है। यह निर्णय अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण से जुड़े न्यायालयीन प्रकरण के लंबित रहने के कारण लिया गया है। मामले में अंतिम न्यायिक निर्णय आने के बाद शेष पदों का परिणाम घोषित किया जाएगा।
पिछले वर्ष जारी हुई थी भर्ती अधिसूचना
खाद्य सुरक्षा अधिकारी भर्ती के लिए आयोग ने अप्रैल 2025 में अधिसूचना जारी की थी। कुल 123 रिक्त पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इनमें विभिन्न वर्गों के लिए आरक्षण इस प्रकार निर्धारित किया गया था—
- सामान्य वर्ग: 30 पद
- ओबीसी: 38 पद
- अनुसूचित जनजाति (एसटी): 28 पद
- अनुसूचित जाति (एससी): 17 पद
- आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस): 10 पद
इसके अलावा महिलाओं, दिव्यांगजन और भूतपूर्व सैनिकों के लिए भी नियमानुसार आरक्षण का प्रावधान रखा गया था।
30 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने दी थी परीक्षा
भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 14 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई थी, जिसमें 30 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा परिणाम लगभग एक माह के भीतर घोषित कर दिया गया था।
21 जनवरी को जारी लिखित परीक्षा परिणाम में 123 पदों के लिए कुल 480 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था। इनमें 382 उम्मीदवार मुख्य भाग तथा 98 उम्मीदवार प्रावधिक भाग में शामिल थे।
अप्रैल में हुए साक्षात्कार, मेरिट के आधार पर चयन
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 15 से 24 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित किए गए। अंतिम चयन सूची लिखित परीक्षा और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के संयुक्त आधार पर तैयार की गई है।
आयोग ने 109 उम्मीदवारों को अंतिम रूप से चयनित किया है, जबकि 12 अभ्यर्थियों को प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) में रखा गया है। यदि चयनित उम्मीदवारों में से कोई नियुक्ति नहीं लेता है या पद रिक्त रहते हैं, तो वेटिंग सूची के अभ्यर्थियों को अवसर मिल सकता है।