Saturday, 20 June

मुंबई। न्याय यात्रा के समापन पर राहुल ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए पूरा देश एकजुट है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा इसलिए निकालनी पड़ी क्योंकि मीडिया देश के महत्वपूर्ण मुद्दों को नहीं उठा रहा है। बेरोजगारी, महंगाई, किसानों और अग्निवीर के मुद्दे मीडिया नहीं दिखाता है। उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी ईवीएम के बिना चुनाव नही जीत सकते। 

कांग्रेस नेता और वायनाड से सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में हुई भारत जोड़ो न्याय यात्रा का मुंबई में समापन समारोह संपन्न हुआ। इससे पहले राहुल गांधी ने रविवार सुबह दक्षिण मुंबई में महात्मा गांधी के घर मणिभवन से ‘न्याय संकल्प पदयात्रा’ निकाली थी. इस दौरान प्रियंका गांधी और महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी भी शामिल हुए।

इलेक्टोरल बॉन्ड और EVM का उठा मुद्दा

इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि ‘अगर भारत ‘मोहब्बत’ का देश है, तो नफरत क्यों फैलाई जा रही है? हम कहते हैं कि बीजेपी नफरत फैलाती है, लेकिन इस नफरत का कोई आधार होना चाहिए. इस देश में हर दिन गरीबों, किसानों, दलितों, महिलाओं और युवाओं के खिलाफ अन्याय हो रहा है.’ वहीं समापन के मौके पर अन्य कांग्रेसी नेताओं ने कई मुद्दों को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा।

इलेक्टोरल बॉन्ड भाजपा का सफेदपोश भ्रष्टाचार: एमके स्टालिन

एमके स्टालिन ने कहा कि ‘इलेक्टोरल बॉन्ड भाजपा का सफेदपोश भ्रष्टाचार है. मैं अपने प्रिय मित्र राहुल गांधी के साथ सभी का स्वागत करता हूं. मैं यहां अपने भाई राहुल गांधी को शुभकामनाएं देने आया हूं. ‘इंडिया गठबंधन बनेगा. ये भारत के लिए है. भारत को अब इसी एकता की जरूरत है. मुद्दे और एजेंडे नकली प्रचार हैं, विदेशी कारण हैं. इंडिया गठबंधन को बदनाम करने के लिए प्रधानमंत्री इतने नीचे गिर गए. इलेक्टोरल बांड भाजपा के भ्रष्टाचार को साबित करता है. चुनाव की घोषणा हो गई है, हमारा एकमात्र लक्ष्य भाजपा को हराना है. भाजपा भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा है. मैं भारत को बचाने के लिए आप सभी का आह्वान करता हूं, वनक्कम…’

देश के संविधान की रक्षा करनी होगी: दीपांकर

सीपीआई (एमएल) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि बाबासाहेब आंबेडकर ने कहा था कि सामाजिक, आर्थिक गैरबराबरी को मिटाने के लिए हमें वोट की ताकत का ठीक से इस्तेमाल करना होगा, ताकि देश के संविधान की रक्षा हो सके। पिछले 75 सालों में हमने आधुनिक लोकतांत्रिक हिंदुस्तान बनाने का जो संघर्ष किया है, उसे पूरा करना है।

हमें जीतने के लिए लड़ना पड़ेगा: सौरभ भारद्वाज

आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जब इंडिया गठबंधन की बात शुरू हुई तो लोग कहते थे कि ये कभी एक साथ नहीं होंगे लेकिन आप देख लीजिए सब एक साथ हैं। हमें जीतने के लिए लड़ना पड़ेगा। इसलिए मैं कहना चाहता हूं कि लड़ेंगे तो जीतेंगे।

गांधी नाम से भाजपा डरती है: महबूबा मुफ्ती

पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा कि राहुल गांधी के नाम में गांधी है और भाजपा इससे डरती है। आज, मैं ऐसा कह सकती हूं। यहां अलग-अलग विचारधारा वाले लोगों को देखें, मैं आपको बता दूं कि यह ‘भारत’ है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने कुछ काम नहीं किया लेकिन जनता से पुलवामा के शहीदों के नाम पर वोट मांगे।

हमारी लड़ाई नफरत की विचारधारा के खिलाफ: तेजस्वी

राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन की लड़ाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नहीं, बल्कि यह नफरत की विचारधारा के खिलाफ है। देश में विविधता और भाईचारे की रक्षा करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मोदी झूठ के निर्माता, थोक विक्रेता और वितरक हैं, लेकिन हमारे जैसे सच्चे लोग डरते नहीं हैं। महाराष्ट्र सरकार में जो लोग हैं वे डीलर हैं, लीडर नहीं। 

बीजेपी को सत्ता से उखाड़ फेंकने की कसम खानी चाहिए: शरद पवार

एससीपी (शरद पवार) प्रमुख शरद पवार ने कहा कि महात्मा गांधी ने इसी शहर से ‘भारत छोड़ो’ का नारा दिया था, आज हमें (इंडिया गठबंधन) भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने की कसम खानी चाहिए।

अबकी बार, भाजपा तड़ीपार : उद्धव ठाकरे

शिवसेना यूटीबी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पीएम मोदी और बीजेपी पर जोरदार हमला बोला। उद्धव ठाकरे ने कहा कि पीएम मोदी और बीजेपी गारंटी दे रही है। क्या वह परचून की दुकान खोलकर बैठे हैं जो कि गारंटी दे रहे हैं। उद्धव ठाकरे ने नारा दिया कि अबकी बार, भाजपा तड़ीपार। उद्धव ठाकरे ने कहा कि राहुल जी आपका बहुत-बहुत धन्यवाद और अभिनंदन करता हूं। आप मुंबई में भारत जोड़ो न्याय यात्रा का समापन कर रहे हैं।

यात्रा की असली सफलता भाजपा की हार में होगी: अखिलेश

सपा प्रमुख अखिलेश यादव को यात्रा के समापन कार्यक्रम में शामिल होना था लेकिन वह नहीं हो सके। उन्होंने राहुल गांधी को पत्र लिखकर शुभकामना दी और भरोसा जताया कि इस यात्रा को असली सफलता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आगामी लोकसभा चुनाव में हराकर मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुंबई में आपकी (राहुल की) भारत जोड़ो न्याय यात्रा का समापन हो रहा है। बहुत कम लोग हैं, जो ऐसी यात्रा कर सकते हैं। आपके इस दृढ़ संकल्प के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आपने (राहुल ने) इस यात्रा की मणिपुर से शुरुआत की, जो भाजपा सरकार की नाकामी के कारण जल रहा है।

Share.
Exit mobile version