मध्य प्रदेश भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक के आयोजन से पहले ऐतिहासिक नगरी ओरछा में निवाड़ी जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ नेताओं और वीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई, ताकि यातायात सुचारु रहे और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की बाधा न आए।
प्रशासनिक अभियान के दौरान कलेक्टर जमुना भिड़े, पुलिस अधीक्षक डॉ. रायसिंह नरवरिया, जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना, नगर परिषद के अधिकारियों तथा पर्यटन एवं लोक निर्माण विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ शहर का निरीक्षण किया। इस दौरान हरदौल बैठका, फूलबाग और मुख्य बाजार सहित कई संवेदनशील मार्गों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
फुटकर कारोबारियों को हटाया, मार्ग किए जा रहे व्यवस्थित
निरीक्षण के साथ प्रशासन ने सड़क किनारे अस्थायी रूप से व्यवसाय कर रहे दो दर्जन से अधिक फुटकर कारोबारियों को हटाया। इनमें करीब 12 दुकानदार ऐसे थे, जिनकी दुकानें मुख्य मार्ग पर यातायात में बाधा बन रही थीं। प्रशासन का कहना है कि आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में वाहनों और वीआईपी काफिलों की आवाजाही को देखते हुए प्रमुख मार्गों को पूरी तरह व्यवस्थित किया जा रहा है।
18-19 जुलाई को होगी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक
भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 18 और 19 जुलाई को ओरछा स्थित राजमहल होटल में प्रस्तावित है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के कार्यकाल में आयोजित होने वाली यह पहली कार्यसमिति बैठक मानी जा रही है। बैठक में संगठन के कामकाज की समीक्षा के अलावा आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
वरिष्ठ नेताओं के आगमन को लेकर प्रशासन सतर्क
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।
इसी संभावित वीआईपी आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।