भोपाल। प्रदेश में बिजली एक बार फिर महंगी हो रही है। प्रदेश में बिजली की दरें 1 फरवरी से बढ़ेंगी। हालांकि मप्र विद्युत नियामक आयोग की टीम इन पर सुनवाई करेगी, पर प्रस्तावित दरों में परिवर्तन मुश्किल लग रहा है।
जानकारी के अनुसार नए प्रावधान में बिजली सरचार्ज में 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की जा रही है। प्रदेश में बिजली की नई प्रस्तावित दरों पर भोपाल में 31 जनवरी को सुनवाई होगी। 86 सुझाव आपत्तियां नए टैरिफ पर आई है। अभी इनका कंपाइलेशन चल रहा है। यहां आपत्तियों पर मप्र विद्युत नियामक आयोग की टीम सुनवाई करेगी। नए टैरिफ में 3.84 फीसदी बिल बढ़ोतरी का प्रस्ताव कंपनियों ने दिया है। इसमें 150 यूनिट को हाइस्लैब में शामिल किया गया है।
सुबह 3 घंटे और रात को 5 घंटे महंगी होगी बिजली
बिजली टैरिफ में नियामक आयोग पहली बार टाइम ऑफ दि डे टैरिफ यानि एक ही दिन में अलग.अलग टैरिफ स्लैब लागू करने जा रहा है। इसमें सुबह छह बजे से नौ बजे तक और शाम को पांच बजे से रात दस बजे तक 20 प्रतिशत अतिरिक्त सरचार्ज होगा। जो टैरिफ होगा, उसमें ही ये सरचार्ज जोडकर आपका बिजली बिल बनेगा। इसके साथ ही प्रति किलोवॉट 240 यूनिट की खपत तय कर दी है।
बिजली की संभावित दर
– 30 यूनिट तक खपत में 24 पैसे प्रति यूनिट बढ़ोतरी
– 50 यूनिट तक 37 पैसे प्रति यूनिट बढ़ोतरी
– 150 यूनिट तक 54 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी
– 150 यूनिट से अधिक खपत पर 33 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी
– अस्थाई कनेक्शन पर 54 पैसे प्रति यूनिट बढ़ोतरी
– इव्हीकल चार्जिंग स्टेशन-सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक 1.80 रुपए प्रति यूनिट बढ़ेंगे।
