दमोह। दमोह जिले की बटियागढ़ जनपद में पदस्थ एक उपयंत्री को सोमवार दोपहर जबलपुर और सागर ईओडब्ल्यू की टीम ने 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपित उपयंत्री ने कैथौरा ग्राम पंचायत में नाली निर्माण के मूल्यांकन के एवज में 90,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है।
ईओडब्ल्यू टीआई उमा नवल आर्य ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि उपयंत्री सीताराम कोरी पंचायत में नाली निर्माण के बाद उसके मूल्यांकन के एवज में 90,000 की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत के बाद शिकायतकर्ता के माध्यम से सोमवार दोपहर उपयंत्री को पहली किस्त के रूप में 25000 की राशि दी गई।
जिसे टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। टीम ने शिकायतकर्ता का नाम गुप्त रखा है उनका कहना है कि नाम का खुलासा नहीं किया जा सकता।
