Sunday, 21 June

राजधानी भोपाल के छोला थाना क्षेत्र स्थित भानपुर मल्टी में चोरों ने एक ही रात में 10 मकानों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। बदमाशों ने सूने पड़े घरों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सोने-चांदी के जेवरात, नकदी समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने देर रात भानपुर मल्टी में एक के बाद एक कई मकानों के ताले तोड़े। इनमें कुछ मकान लंबे समय से बंद पड़े थे, जबकि कुछ घरों के सदस्य किसी कारणवश बाहर गए हुए थे। बदमाशों ने इस स्थिति का फायदा उठाते हुए मुख्य दरवाजों और अलमारियों के ताले तोड़कर घरों में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

सुबह हुई घटना की जानकारी

घटना का पता शनिवार सुबह उस समय चला, जब क्षेत्र में टहलने निकले लोगों ने कई मकानों के टूटे हुए ताले और खुले दरवाजे देखे। इसके बाद रहवासियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही छोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की और तकनीकी साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

मामले में भोवीर कुमार शाह की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए हैं।

हालांकि चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन अभी नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि जिन परिवारों के सदस्य बाहर हैं, उनके लौटने के बाद ही कुल नुकसान की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

छोला थाना प्रभारी सरस्वती तिवारी के अनुसार, मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए पुलिस की टीमों को लगाया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर आरोपितों तक पहुंचा जा सकेगा।

लगातार कई घरों में एक साथ हुई चोरी की इस वारदात ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय रहवासी भी रात के समय गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए जाने की मांग कर रहे हैं।

Share.
Exit mobile version