Saturday, 11 July

MPPSC Assistant Director Recruitment 2026: लंबे इंतजार के बाद मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग में सहायक संचालक (Assistant Director) के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 17 जुलाई से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। बिना विलंब शुल्क के आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 16 अगस्त निर्धारित की गई है।

2023 के बाद पहली बार निकली भर्ती

उच्च शिक्षा विभाग में सहायक संचालक के पदों पर यह भर्ती वर्ष 2023 के बाद पहली बार निकाली गई है। आयोग द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार कुल तीन रिक्त पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा और साक्षात्कार (इंटरव्यू) दोनों चरण शामिल होंगे।

किस श्रेणी में कितने पद?

भर्ती के लिए जारी रिक्तियों में एक-एक पद सामान्य (General), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के लिए निर्धारित किया गया है। इस भर्ती में अनुसूचित जाति (SC) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए कोई पद आरक्षित नहीं है।

आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 17 जुलाई से शुरू होगी और अभ्यर्थी 16 अगस्त तक बिना लेट फीस के आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद निर्धारित अवधि में विलंब शुल्क के साथ आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।

आयोग के अनुसार 27 अगस्त से 3 सितंबर तक आवेदन करने पर 3,000 रुपये का विलंब शुल्क देना होगा। वहीं 4 सितंबर के बाद आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों से 25,000 रुपये का विलंब शुल्क लिया जाएगा।

चयन प्रक्रिया पर जल्द जारी होंगे दिशा-निर्देश

एमपीपीएससी के ओएसडी रवींद्र पंचभाई के अनुसार भर्ती की चयन प्रक्रिया से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देश जल्द जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक सूचना पर नियमित नजर रखने की सलाह दी गई है।

Share.
Exit mobile version