पाकिस्तान के कराची शहर में शनिवार को बड़ा आतंकी हमला हुआ। शहर के गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके में स्थित सिंध रेंजर्स के प्रांतीय मुख्यालय को निशाना बनाते हुए आतंकियों ने विस्फोटकों से भरे वाहन के जरिए मुख्य गेट पर हमला किया। धमाके के तुरंत बाद परिसर में घुसने की कोशिश कर रहे आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच भीषण गोलीबारी हुई। पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार इस हमले में कम से कम तीन रेंजर्स जवान शहीद हो गए, जबकि जवाबी कार्रवाई में तीन हमलावर भी मारे गए।
गेट पर धमाके के बाद शुरू हुई फायरिंग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावर एक वाहन में सवार होकर रेंजर्स मुख्यालय पहुंचे और मुख्य प्रवेश द्वार को विस्फोट से उड़ाने की कोशिश की। इसके बाद उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस, रेंजर्स और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं तथा पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया।
🚨 کراچی : گلستان جوہر تازہ ترین منظر، فائرنگ کی آوازیں#karachi https://t.co/0ahxB81mNp pic.twitter.com/o9ZK0D7gWR
— Mir Muhammad (@Mirpak5) June 27, 2026
विश्वविद्यालयों और सरकारी दफ्तरों के पास हुआ हमला
हमला यूनिवर्सिटी रोड पर मेटियोरोलॉजिकल चौराहे के निकट हुआ, जहां कई विश्वविद्यालय, पाकिस्तान मौसम विभाग का कार्यालय और रेंजर्स के अन्य प्रतिष्ठान मौजूद हैं। धमाके और लगातार चली गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा कारणों से आसपास का क्षेत्र सील कर दिया गया।
- Headline:July Bank Holidays 2026: जुलाई में कई दिन बंद रहेंगे बैंक, ब्रांच जाने से पहले जरूर देखें छुट्टियों की पूरी लिस्ट
- Indian Railways New App: अब 15 मिनट से ज्यादा लेट हुई ट्रेन पर मिलेगा तुरंत अलर्ट, रेलवे ने लॉन्च किया ‘Punctuality BZA’ ऐप
- टैक्स नहीं बनता तो भी ITR भरना क्यों हो सकता है फायदे का सौदा? जानिए Zero ITR से जुड़े जरूरी नियम और लाभ
JuA ने ली जिम्मेदारी का दावा
पाकिस्तान पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और हमले की विस्तृत जांच जारी है। समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमात-उल-अहरार (JuA) ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पाकिस्तान में बढ़ती आतंकी घटनाओं के बीच बड़ा हमला
यह हमला ऐसे समय हुआ है जब पाकिस्तान में सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर आतंकी घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। कराची जैसे संवेदनशील शहर में रेंजर्स मुख्यालय पर हमला सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हमलावरों को स्थानीय स्तर पर किसी प्रकार की मदद मिली थी या नहीं।
