Monday, 22 June

भोपाल। भोपाल पैथोलॉजी लैब टेक्नोलॉजिस्ट एंड टेक्नीशियन एसोसिएशन (BPLT) की भोपाल जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस अवसर पर नवनियुक्त पदाधिकारियों का पदग्रहण समारोह भी आयोजित हुआ, जिसमें संगठन के प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य शामिल हुए।

संगठन की ओर से सर्वसम्मति से चेतन नागर को जिला अध्यक्ष, जसवंत सिंह को जिला सचिव, सुनील जाट और राकेश रजक को जिला उपाध्यक्ष तथा साहित्य नायक को सह सचिव मनोनीत किया गया। पदग्रहण समारोह के दौरान प्रादेशिक कार्यकारिणी ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों ने कहा कि नई जिला कार्यकारिणी भोपाल जिले के पैथोलॉजी लैब टेक्नोलॉजिस्ट एवं टेक्नीशियनों को एकजुट करने के साथ उनके अधिकारों, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगी। संगठन को मजबूत बनाने और सदस्यों के बीच समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

समारोह में प्रदेश सचिव जितेन्द्र मिश्र, प्रदेश कोषाध्यक्ष नंदन बिष्ट, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उदय और राम राजपूत सहित अन्य प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में प्रदेश सचिव जितेन्द्र मिश्र ने संगठन के उद्देश्यों और अब तक किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए भविष्य की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही अपने अधिकारों और सम्मान की प्रभावी ढंग से रक्षा कर सकता है। उनके अनुसार BPLT संगठन प्रदेश के प्रत्येक पैथोलॉजी लैब टेक्नोलॉजिस्ट एवं टेक्नीशियन को एक मंच पर लाने और उनके हितों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

कार्यक्रम का समापन संगठन की एकता, सदस्यों के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।

Share.
Exit mobile version