मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे निरीक्षण दौरे के दौरान एक वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। वीडियो में कुछ ग्रामीण और बच्चे एक्सप्रेस-वे पर दिखाई दे रहे हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे। हालांकि प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों ने घटना की शुरुआती चर्चाओं से अलग तस्वीर पेश की है।
पहले ज्ञापन देने की चर्चा, जांच में सामने आया दूसरा पक्ष
घटना के बाद शुरुआत में यह कहा गया था कि कुछ ग्रामीण एक्सप्रेस-वे निर्माण से जुड़ी समस्याओं, खेतों में जलभराव और अन्य स्थानीय मुद्दों को लेकर केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन सौंपने के उद्देश्य से काफिले के सामने पहुंचे थे। यह भी चर्चा रही कि कुछ स्थानों पर प्रशासन पहले ही ग्रामीणों से ज्ञापन ले चुका था।
लेकिन पुलिस की पूछताछ में सामने आए बयानों के अनुसार, शिवगढ़ ब्रिज के पास मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि वे प्रतिदिन की तरह अपने छोटे बच्चों को सड़क पार कराकर स्कूल छोड़ने जा रहे थे। उनका कहना है कि बच्चों की उम्र कम होने के कारण उन्हें स्वयं सड़क पार करानी पड़ती है और उसी दौरान वाहन भी रुकते हैं। घटना वाले दिन भी वे इसी प्रक्रिया में थे और उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि उसी समय केंद्रीय मंत्री का काफिला वहां से गुजरने वाला है।
किन लोगों से हुई पूछताछ
पुलिस ने इस मामले में निमकोपाड़ा, ग्राम पलसोड़ी निवासी तीन ग्रामीणों से पूछताछ की है। इनमें शांतिलाल भाभर (32), नलाल भाभर (30) और दिनेश भाभर (30) शामिल हैं। इनके साथ 3 से 4 नाबालिग बच्चे भी मौजूद थे। अधिकारियों ने सभी के बयान दर्ज कर लिए हैं और पूरे घटनाक्रम का क्रमवार परीक्षण किया जा रहा है।
वायरल वीडियो में क्या दिखा
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में तीन ग्रामीण एक्सप्रेस-वे के बीच पहुंचकर हाथ देते हुए दिखाई देते हैं, जबकि उसी दौरान केंद्रीय मंत्री का काफिला वहां से गुजर रहा होता है। घटना के दौरान कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी, लेकिन किसी प्रकार की दुर्घटना नहीं हुई और काफिला सुरक्षित आगे बढ़ गया।
सुरक्षा व्यवस्था भी जांच के दायरे में
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और मौके की परिस्थितियों के आधार पर यह भी देखा जा रहा है कि कहीं सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक तो नहीं हुई। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
