Saturday, 11 April

भोपाल। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल पंप ड्राई हो गए हैं। ट्रक ड्राइवरों की हड़ताल के कारण डिपो से पेट्रोल-डीजल के टैंकर पेट्रोल पंप पर नहीं पहुंचने से यह स्थिति बनी। पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह के चलते पंपों पर वाहन चालकों की लंबी लंबी लाइनें लग गईं।

पेट्रोल-डीजल एसोसिएशन ने प्रशासन पर मदद नहीं करने के आरोप लगाए। हालांकि देर शाम पुलिस की मदद से डिपो से तेल टैंकरों को पंपों तक पहुंचाया गया, ताकि किल्लत दूर की जा सके।

प्रदेश के पेट्रोल पंपों पर सोमवार को पेट्रोल-डीजल की किल्लत शुरू हो गई। राजधानी भोपाल समेत कई जगह पेट्रोल पंप ड्राई हो गए। ट्रक ड्राइवरों की हड़ताल के कारण डिपो से पेट्रोल-डीजल के टैंकर पेट्रोल पंप पर नहीं पहुंचने से यह स्थिति बनी। पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह के चलते पंपों पर वाहन चालकों की लंबी लंबी लाइनें लग गईं। भोपाल में लंबी लाइनों में लग लोग परेशान होते देखे गए। लोगों ने दो से तीन दिन की जरूरत के हिसाब से ईंधन भराना शुरू कर दिया। पेट्रोल की अचानक मांग बढ़ने और टैंकर के नहीं पहुंचने से शाम होते होते शहर में 15 के करीब पेट्रोल पंप सूख गए। 

डिपो में खड़े रहे टैंकर, प्रशासन ने नहीं की मदद

मध्य प्रदेश पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि हमारे पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर बकानिया डिपो पर खड़े रहे। प्रशासन की तरफ से हमें कोई सुरक्षा नहीं मिल पाई। यह स्थिति पूरे मध्य प्रदेश में बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यह खुफिया विफलता भी है। दूध और पेट्रोल-डीजल की गाड़ियों को रोका नहीं जाता। पटेल चौराहे पर कुछ लोग पुलिस की मौजूदगी में लोगों को रोक रहे थे। 

प्रशासन उतरा मैदान में 

भोपाल कलेक्टर आशीष सिंह ने देर शाम संदेश जारी कराया कि भोपाल जिले में पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त आपूर्ति है। ईंधन की सुचारू आपूर्ति जारी रहेगी। उन्होंने पुलिस व प्रशासन की देखरेख में डिपो से पंपों तक ईंधन पहुंचाने के इंतजाम करने के निर्देश दिए, ताकि किल्लत दूर की जा सके।

Share.
Exit mobile version