Wednesday, 24 June

राजधानी भोपाल में एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों को अब ऐप-आधारित कैब सेवाओं के लिए पहले से अधिक किराया चुकाना पड़ेगा। Uber, Ola और Rapido की एयरपोर्ट राइड के न्यूनतम किराए में करीब 10 साल बाद बढ़ोतरी की गई है। टैक्सी चालक संघ के लंबे समय से चल रहे दबाव और कंपनियों के साथ हुई बैठकों के बाद एयरपोर्ट राइड के किराए में संशोधन पर सहमति बनी है। वहीं शहर के भीतर चलने वाली सिटी राइड के किराए पर अंतिम फैसला 25 जून तक होने की उम्मीद है।

एयरपोर्ट राइड का न्यूनतम किराया दोगुना के करीब

भोपाल टैक्सी चालक संघ के अनुसार एयरपोर्ट राइड का न्यूनतम किराया पहले 50-60 रुपये के आसपास था, जिसे बढ़ाकर 120-150 रुपये तक कर दिया गया है। इससे एयरपोर्ट राइड के शुरुआती किराए में लगभग 100 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है।

इसी तरह पहले 220-230 रुपये में मिलने वाली सामान्य एयरपोर्ट राइड अब 270-280 रुपये तक पहुंच रही है। वहीं प्रीमियम श्रेणी की 350 रुपये वाली राइड का किराया बढ़कर 440-450 रुपये तक हो गया है। इस श्रेणी में लगभग 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

Uber ने लागू किया संशोधित किराया, Ola और Rapido ने भी जताई सहमति

संघ के महामंत्री राजेश कुमार नागले के मुताबिक Uber ने एयरपोर्ट राइड के संशोधित किराए को लागू कर दिया है। सिटी राइड के किराए में बदलाव के लिए कंपनी ने 25 जून तक का समय मांगा है।

उन्होंने बताया कि Ola ने भी एयरपोर्ट किराया बढ़ाने पर सहमति दे दी है और शहर के भीतर की राइड के किराए में जल्द संशोधन का भरोसा दिया है। वहीं 23 जून को Rapido अधिकारियों के साथ हुई बैठक में कंपनी ने भी किराया सुधार लागू करने के लिए 25 जून 2026 तक का समय मांगा।

10 साल बाद मिला आंशिक राहत का फैसला

संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष श्रवण कुमार शर्मा ने कहा कि करीब एक दशक बाद किराए में आंशिक बढ़ोतरी हुई है। उनके अनुसार लंबे समय से ड्राइवर कम किराए पर सेवाएं देने को मजबूर थे। हालांकि मौजूदा बढ़ोतरी से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन इसे अभी भी पूरी तरह संतोषजनक नहीं माना जा रहा है।

सिटी राइड पर अभी अंतिम फैसला बाकी

शहर के भीतर चलने वाली सिटी राइड के किराए में अभी पूरी तरह संशोधन लागू नहीं हुआ है। कंपनियों ने न्यूनतम किराया 120 रुपये करने का प्रस्ताव रखा है, लेकिन यह अभी सभी ऐप पर प्रभावी नहीं हुआ है। टैक्सी चालक संघ को उम्मीद है कि 25 जून तक इस पर अंतिम निर्णय हो जाएगा।

25 जून तक का अल्टीमेटम, नहीं माने तो होगा बहिष्कार

भोपाल टैक्सी चालक संघ ने सभी कैब एग्रीगेटर कंपनियों को 25 जून तक किराया सुधार लागू करने का अल्टीमेटम दिया है। संघ का कहना है कि यदि तय समय तक सभी मांगें पूरी नहीं हुईं तो पूरे भोपाल में संबंधित कंपनियों का बहिष्कार किया जाएगा। इसके लिए शहर की टैक्सी और ऑटो यूनियनों की संयुक्त बैठक बुलाकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

संघ ने यह भी कहा कि वर्तमान किराया अभी भी राज्य सरकार की निर्धारित दरों से कम है। यदि समयसीमा तक सभी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर कैब सेवाओं के बहिष्कार और बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं।

Share.
Exit mobile version