Friday, 29 May

भोपाल। राजधानी भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामले (Twisha Sharma Death Case) में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने एक बहुत बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई की टीम ने गुरुवार को करीब 6-7 घंटे की लंबी पूछताछ और घर की डिजिटल मैपिंग के बाद ट्विशा की सास और रिटायर्ड जिला जज गिरीबाला सिंह को उनके भोपाल स्थित निवास से गिरफ्तार कर लिया है।

​यह कार्रवाई मध्य प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा गिरीबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका (Anticipatory Bail) खारिज किए जाने के ठीक बाद हुई है। सीबीआई शुक्रवार को पूर्व जज को कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग करेगी।

हाईकोर्ट ने सख्त टिप्पणी के साथ रद्द की जमानत

इससे पहले, भोपाल की एक सत्र अदालत ने 15 मई को पूर्व जज को अग्रिम जमानत दे दी थी, जिसे लेकर काफी विवाद हुआ था। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने अपने 17 पन्नों के आदेश में निचली अदालत के फैसले को पलट दिया। कोर्ट ने कहा कि पीड़ित के शरीर पर चोट के निशान (Antemortem Injuries), वॉट्सऐप चैट्स और गवाहों के बयानों से गिरीबाला सिंह के खिलाफ स्पष्ट आरोप दिखाई देते हैं। कोर्ट ने यह भी माना कि जमानत मिलने के बाद आरोपी जांच में सहयोग नहीं कर रही थीं।

सबूतों से छेड़छाड़ और मिसकैरेज के गंभीर आरोप

​सीबीआई ने हाईकोर्ट के सामने दलील दी कि गिरीबाला सिंह ने अपनी कानूनी समझ और प्रभाव का इस्तेमाल कर एविडेंस (सबूतों) के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की है। पुलिस ने 13 मई को सीसीटीवी फुटेज जब्त किया था, लेकिन पूर्व जज ने उसके कुछ हिस्से अपने पास रखकर सोशल मीडिया पर एक चुनिंदा क्लिप वायरल की, ताकि पब्लिक परसेप्शन को बदला जा सके।

​इसके अलावा जांच में यह भी सामने आया है कि शादी के महज 5 महीनों के भीतर ट्विशा को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। वॉट्सऐप चैट से खुलासा हुआ है कि मां-बेटे ने ट्विशा के कैरेक्टर पर उंगली उठाई और मौत से ठीक एक हफ्ते पहले उनका जबरन अबॉर्शन (गर्भपात) भी कराया गया था।

​क्या है पूरा मामला?

​नोएडा की रहने वाली 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा (पूर्व मिस पुणे, मॉडल और एमबीए ग्रेजुएट) की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी। शादी के महज 5 महीने बाद ही, 12 मई 2026 को भोपाल के बागमुगालिया स्थित उनके ससुराल में ट्विशा की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकती मिली थी। ट्विशा के परिवार ने पति समर्थ सिंह और सास गिरीबाला सिंह पर ₹20 लाख रुपये दहेज मांगने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया था। सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद इस पूरे मामले की जांच मध्य प्रदेश पुलिस से लेकर सीबीआई को सौंपी गई थी। इस मामले में ट्विशा के पति समर्थ सिंह पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।

Share.
Exit mobile version