मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से सर्पदंश की एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जिले के भेड़वाटाला गांव में देर रात एक ही बिस्तर पर सो रहे दंपती और उनकी छह वर्षीय बेटी को जहरीले करैत सांप ने डस लिया। अस्पताल ले जाते समय बच्ची ने दम तोड़ दिया, जबकि उसके माता-पिता का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे भानु प्रताप सिंह को पैर की उंगली में तेज दर्द महसूस हुआ। नींद खुलने पर उन्होंने कमरे की लाइट जलाई तो बिस्तर पर करैत सांप रेंगता दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को आवाज देकर घटना की जानकारी दी। उसी दौरान यह आशंका जताई गई कि उनकी पत्नी रेखा सिंह और बेटी माधवी सिंह भी सर्पदंश का शिकार हो चुकी हैं।
घटना के बाद तीनों को तत्काल अस्पताल ले जाने के लिए रवाना किया गया। रास्ते में छह वर्षीय माधवी की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। वहीं, भानु प्रताप और रेखा की हालत गंभीर होने पर उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में दोनों को एंटी-स्नेक वेनम दिया गया और फिलहाल उनका इलाज जारी है।
परिजनों के अनुसार, अस्पताल में भर्ती दंपती को अभी तक उनकी बेटी की मौत की जानकारी नहीं दी गई है। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने तक सुरक्षित रखा गया है। परिवार का बड़ा बेटा, जो कक्षा छह का छात्र है और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता है, उसे भी अभी इस घटना की सूचना नहीं दी गई है।
बरसात के मौसम में करैत जैसे विषैले सांपों के रिहायशी इलाकों में आने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार पर भरोसा करने के बजाय पीड़ित को बिना देरी निकटतम अस्पताल पहुंचाएं, क्योंकि समय पर इलाज जान बचाने में सबसे अहम होता है।
