Friday, 26 June

मध्य प्रदेश के नीमच जिले में आदिम जाति कल्याण विभाग में गुरुवार को लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला संयोजक राकेश राठौर और छात्रावास अधीक्षक हरीश चौहान को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई कलेक्टर कार्यालय परिसर स्थित संयुक्त कार्यालय भवन में की गई, जहां राकेश राठौर का विदाई समारोह आयोजित होने वाला था।

जानकारी के अनुसार राकेश राठौर का तबादला सहायक परियोजना प्रशासक के पद पर झाबुआ हो चुका था और गुरुवार को उन्हें कार्यालय से रिलीव किया जाना था। इसी दौरान लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने दबिश देकर दोनों अधिकारियों को पकड़ लिया।

जांच में मदद और वेतन भुगतान के नाम पर मांगी थी रिश्वत

लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल के अनुसार शिकायतकर्ता कुर्दुला एक्का, जो नीमच जिले के जूनियर कन्या छात्रावास कुकड़ेश्वर में अधीक्षिका हैं, के खिलाफ अनियमितताओं के आरोपों को लेकर विभागीय जांच चल रही थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि जांच में सहयोग करने और लंबित वेतन भुगतान कराने के नाम पर जिला संयोजक राकेश राठौर तथा छात्रावास अधीक्षक हरीश चौहान ने उनसे 1 लाख 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

बताया गया कि आरोपित पहले ही 25 हजार रुपये ले चुके थे, जबकि शेष एक लाख रुपये लेने के लिए गुरुवार को बुलाया गया था।

रिश्वत लेते ही टीम ने किया ट्रैप

शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। गुरुवार दोपहर करीब दो बजे शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये लेते समय दोनों अधिकारियों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। कार्रवाई डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल और टीआई हिना डावर के नेतृत्व में की गई।

Share.
Exit mobile version