राजधानी भोपाल में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हुजूर अनुभाग क्षेत्र की पांच अवैध कॉलोनियों में बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से कॉलोनियों में बनाई गई सड़कें, बाउंड्रीवॉल और प्रवेश द्वार (गेट) ध्वस्त कर दिए गए। प्रशासन का कहना है कि ये कॉलोनियां बिना वैधानिक अनुमति के विकसित की जा रही थीं। यह कार्रवाई जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा है।
सेवनिया ओंकारा और अरेड़ी में चला बुलडोजर
प्रशासन की टीम ने सेवनिया ओंकारा क्षेत्र की स्वास्तिक विहार, प्रतिभा सिटी और निधिवन विहार सहित अरेड़ी क्षेत्र की अवैध कॉलोनियों में कार्रवाई की। इसके अलावा ग्राम डोबरा जागीर स्थित एक अवैध कॉलोनी को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया। इस तरह एक ही दिन में कुल पांच कॉलोनियों पर सख्त कार्रवाई की गई।
नोटिस के बाद की गई कार्रवाई
एसडीएम हुजूर विनोद सोनकिया के अनुसार संबंधित कॉलोनियां बिना आवश्यक स्वीकृतियों के विकसित की जा रही थीं। कॉलोनाइजरों को पहले नियमानुसार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन संतोषजनक जवाब या वैधानिक अनुमति प्रस्तुत नहीं किए जाने पर सोमवार को पुलिस और नगर निगम के अमले की मौजूदगी में कार्रवाई की गई।
अवैध कॉलोनियों पर जारी है प्रशासन की सख्ती
भोपाल जिला प्रशासन पिछले कुछ महीनों से अवैध कॉलोनियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। प्रशासन पहले ही बिना अनुमति विकसित कॉलोनियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ एफआईआर और ध्वस्तीकरण जैसी कार्रवाई शुरू कर चुका है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी बिना अनुमति विकसित होने वाली कॉलोनियों पर इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
