भोपाल। पन्ना की गुनौर सीट से भाजपा विधायक रहे महेंद्र बागरी सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। वे पन्ना कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवजीत सिंह के साथ भोपाल पहुंचे। यहां कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में पीसीसी चीफ कमलनाथ की मौजूदगी में उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ली।
दरअसल, भाजपा की ओर से विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की पहली सूची में गुनौर सीट से पार्टी उम्मीदवार घोषित किया जा चुका है। यहां भाजपा ने पूर्व विधायक व 2018 में चुनाव हार चुके राजेश वर्मा को टिकट दिया है। जिसके बाद से गुनौर विधानसभा में भाजपा के कई नेताओं में असंतोष देखा जा रहा है। पूर्व विधायक महेंद्र बागरी और पार्टी नेत्री अमिता बागरी ने इसका खुलकर विरोध किया था। दोनों ने परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया था।
महेंद्र बागरी के कांग्रेस में आने के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्हें गुनौर से विधानसभा चुनाव लड़ाया जा सकता है।