नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर और आसपास के कई इलाकों में शनिवार देर रात और रविवार सुबह लोगों के मोबाइल फोन पर अचानक इमरजेंसी अलर्ट की तेज आवाज सुनाई दी। इस अलर्ट के साथ लोगों के फोन पर गंभीर मौसम चेतावनी (Severe Weather Warning) का संदेश भी दिखाई दिया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए तेज आंधी, गरज-चमक, बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
क्यों आया मोबाइल पर इमरजेंसी अलर्ट?
सरकार की आपदा चेतावनी प्रणाली के तहत मोबाइल फोन पर भेजे जाने वाले ये अलर्ट लोगों को संभावित खतरे से पहले सतर्क करने के लिए जारी किए जाते हैं। जब किसी क्षेत्र में गंभीर मौसम, बाढ़, चक्रवात या अन्य प्राकृतिक आपदा का खतरा होता है, तब संबंधित एजेंसियां मोबाइल नेटवर्क के जरिए सीधे लोगों तक चेतावनी पहुंचाती हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के अलर्ट का उद्देश्य लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर जाने और आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए जागरूक करना है।
दिल्ली-NCR में बदला मौसम
भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ली। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चली, जबकि कुछ क्षेत्रों में बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटों के दौरान भी कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सतर्क रहने की सलाह दी है।

