Donald Trump जब बीजिंग पहुंचे तो यह सिर्फ एक कूटनीतिक यात्रा नहीं थी। उनके साथ गए अमेरिकी कॉर्पोरेट दिग्गजों की सूची ने साफ कर दिया कि यह दौरा व्यापार, तकनीक और भू-राजनीति की नई व्यवस्था लिखने की कोशिश है। ट्रंप जिन्होंने अपनी पूरी राजनीति चीन से “डिकपलिंग” (दूरी बनाने) के नाम पर खड़ी की आज बीजिंग में अपनी कॉरपोरेट “एवेंजर्स” टीम के साथ उतरे हैं। Apple, Tesla, Nvidia, BlackRock, Boeing, Goldman Sachs और कई अन्य कंपनियों के शीर्ष अधिकारी इस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे।
वैश्विक कूटनीति के बिसात पर एक ऐसी चाल चली गई है जो किसी काल्पनिक कहानी जैसी लगती है।
Apple (एप्पल) के टिम कुक और Tesla (टेस्ला) के एलन मस्क से लेकर Goldman Sachs (गोल्डमैन सैक्स) और ब्लैकस्टोन जैसे वॉल स्ट्रीट के दिग्गज बीजिंग में एक ही मेज पर बैठे हैं।
लेकिन सोशल मीडिया पर चल रही कई चर्चाओं की तरह यह कहानी उतनी सीधी नहीं है जितनी दिखाई जा रही है। “20 बिलियन डॉलर की कंपनियां” कहना तथ्यात्मक रूप से गलत है। इन कंपनियों का संयुक्त बाजार मूल्य कई ट्रिलियन डॉलर में है। और सबसे महत्वपूर्ण बात: यह यात्रा केवल व्यापारिक समझौतों की नहीं, बल्कि उस वैश्विक शक्ति-संतुलन की है जिसमें भारत की आर्थिक रणनीति दांव पर लग सकती है। यह सिर्फ एक व्यापारिक बैठक नहीं है; यह ‘जियो-पॉलिटिक्स का मर्जर और एक्विजिशन’ (भू-राजनीति का विलय) होने जैसा है।
डील का गणित: चिप्स के बदले ‘रेयर अर्थ’
पिछले कुछ वर्षों में अमेरिका और चीन के बीच संबंध आर्थिक दूरी की ओर बढ़ रहे थे। कोविड, सेमीकंडक्टर प्रतिबंध, ताइवान तनाव और टैरिफ युद्ध ने बहुराष्ट्रीय कंपनियों को चीन पर निर्भरता कम करने के लिए मजबूर किया। इसी दौर में भारत “China Plus One” रणनीति का सबसे बड़ा लाभार्थी बनकर उभरा।
सालों के गतिरोध के बाद, वाशिंगटन और बीजिंग एक व्यावहारिक समझौते की ओर बढ़ रहे हैं। रेयर अर्थ मिनरल्स जो कि आज की अर्थव्यवस्था का तेल हैं। इलेक्ट्रिक कार, मिसाइल सिस्टम, फाइटर जेट, डेटा सेंटर, विंड टर्बाइन सब इन पर निर्भर हैं। चीन इनका वैश्विक केंद्र है। 2025 में चीन ने कई रेयर अर्थ एक्सपोर्ट्स पर लाइसेंस प्रतिबंध लगाए थे, जिससे जापान, जर्मनी और अमेरिकी रक्षा उद्योग तक प्रभावित हुए। खबर है कि चीन अपनी सप्लाई चेन फिर से खोलने को तैयार है।
ट्रंप प्रशासन चीन से इस सप्लाई को स्थिर करना चाहता है। बदले में चीन अमेरिकी टेक एक्सेस, खासकर AI इकोसिस्टम में नरमी चाहता है। यही कारण है कि Jensen Huang जैसे नाम इस यात्रा से जुड़े दिखाई दिए।
अमेरिका एनवीडिया (Nvidia) और माइक्रोन (Micron) जैसे हाई-एंड AI चिप्स पर लगे प्रतिबंधों को “शर्तों के साथ” नरम कर सकता है।
चीन ने पहले ही नरमी के संकेत दे दिए हैं। 15 महीने के अंतराल के बाद अमेरिकी ‘बीफ’ (beef) का आयात फिर से शुरू कर दिया गया है और एक नया ‘यूएस-चीन ट्रेड बोर्ड’ बनाने पर सहमति बनी है।
टैरिफ की कहानी भी उतनी सरल नहीं
वायरल दावों में यह भी कहा जा रहा है कि भारत पर अमेरिकी टैरिफ 50% से गिरकर 10% रह गया। वास्तविकता कहीं अधिक जटिल है।
ट्रंप प्रशासन ने कई देशों पर अलग-अलग सेक्टर आधारित टैरिफ लगाए थे, लेकिन भारत और चीन पर प्रभावी दरें उत्पाद-विशिष्ट हैं। चीन पर अमेरिकी प्रतिबंध और टैरिफ अब भी कई क्षेत्रों में भारत से कहीं अधिक कठोर हैं।
हालांकि भारत को यह मानकर नहीं चलना चाहिए कि उसे स्थायी रणनीतिक छूट मिली हुई है। वाशिंगटन की व्यापार नीति अब पहले से अधिक transactional हो चुकी है। अगर अमेरिकी घरेलू राजनीति में “reshoring” यानी उत्पादन अमेरिका वापस लाने का दबाव बढ़ता है, तो भारत भी निशाने पर आ सकता है।
एप्पल की कहानी: भारत के लिए चेतावनी
भारत की सबसे बड़ी आर्थिक कहानी पिछले तीन वर्षों में यही रही है कि वैश्विक कंपनियां चीन से बाहर निकलकर भारत में निवेश बढ़ा रही हैं। एप्पल का उदाहरण भारत की मौजूदा स्थिति को बखूबी समझाता है।
Tim Cook के नेतृत्व में Apple ने भारत में उत्पादन तेजी से बढ़ाया। कुछ वायरल दावों में कहा जा रहा है कि Apple ने 2025 में भारत में “5 करोड़ 50 लाख iPhones” बनाए जो उसकी वैश्विक उत्पादन का 25% थे। उपलब्ध विश्वसनीय रिपोर्टों के अनुसार भारत की हिस्सेदारी तेजी से बढ़ी जरूर है, लेकिन Apple की सप्लाई चेन अब भी चीन-केंद्रित है, खासकर हाई-एंड मॉडल्स और कॉम्पोनेंट इकोसिस्टम में।
Reuters और Financial Times की रिपोर्टों के अनुसार Apple का लक्ष्य 2026 तक अमेरिकी बाजार के लिए अधिकांश iPhone भारत में असेंबल करना है। लेकिन, अगर चीन और अमेरिका के बीच व्यापार युद्ध थम जाता है, तो सप्लाई चेन वापस चीन की ओर मुड़ सकती है। टाटा और फॉक्सकॉन का जो ‘मैन्युफैक्चरिंग बूम’ भारत में दिख रहा है, उसकी रफ्तार धीमी पड़ सकती है।
‘G2’ (Group of Two) का डर: क्या भारत किनारे हो जाएगा?
आजकल दिल्ली के विदेश नीति हलकों में एक शब्द की गूंज सबसे ज्यादा है “G2”। G2 का मतलब है एक ऐसी दुनिया जहां अमेरिका और चीन मिलकर एशिया और दुनिया के बड़े फैसले लेंगे, जबकि भारत, जापान, जर्मनी और ब्राजील जैसे देश सिर्फ दर्शक बनकर रह जाएंगे। चीन की मांग स्पष्ट है: “ताइवान के मामले में हस्तक्षेप न करें, और हम मिलकर दुनिया चलाएंगे।”
भारत के लिए यह आत्ममंथन का समय है। यदि वाशिंगटन को लगता है कि भारत के साथ रणनीतिक साझेदारी से ज्यादा मुनाफा चीन के साथ व्यापारिक स्थिरता में है, तो भारत के लिए “चीन प्लस वन” की रणनीति एक सपना बनकर रह सकती है।
पिछले पांच वर्षों में भारत ने खुद को चीन के वैश्विक विकल्प के रूप में पेश किया है। लेकिन बीजिंग में अमेरिकी पूंजीपतियों का यह जमावड़ा याद दिलाता है कि जियो-पॉलिटिक्स में कोई स्थायी दोस्त नहीं होता, सिर्फ स्थायी हित होते हैं। अगले कुछ महीने तय करेंगे कि ‘मेक इन इंडिया’ एक वैश्विक मानक बनेगा या फिर एक खोया हुआ अवसर।

