भोपाल नगर निगम ने संपत्ति कर और अन्य राजस्व वसूली में लगातार कमजोर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की है। निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने समीक्षा के दौरान पाया कि शहर के 11 जोन के 45 वार्ड तय राजस्व लक्ष्य से काफी पीछे हैं। इसके बाद संबंधित वार्ड प्रभारियों, राजस्व वसूली की निगरानी कर रहीं सहायक आयुक्त कीर्ति चौहान तथा सभी 11 जोनल अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
राजस्व समीक्षा में सामने आई बड़ी कमी
नगर निगम की हालिया समीक्षा बैठक में बीते वित्तीय वर्ष की तुलना में कर वसूली की प्रगति का आकलन किया गया। समीक्षा के दौरान कई वार्डों में अपेक्षित राजस्व संग्रह नहीं होने की स्थिति सामने आई। निगम प्रशासन का कहना है कि लक्ष्य से पीछे रहने के बावजूद संबंधित अधिकारियों की ओर से वसूली बढ़ाने के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं किए गए।
निगम आयुक्त संस्कृति जैन के अनुसार, सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को तय समय सीमा के भीतर राजस्व लक्ष्य पूरा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। जिन अधिकारियों के कार्यों में लापरवाही या अपेक्षित प्रगति नहीं मिली, उनके खिलाफ वेतन रोकने की कार्रवाई की गई है।
वेतन बहाल कराने के लिए अधिकारियों की कोशिशें
नगर निगम सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के बाद कई अधिकारी अपना वेतन जारी कराने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं। कुछ अधिकारियों ने व्यक्तिगत और पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए आवेदन भी दिए हैं। हालांकि निगम प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि कार्यप्रदर्शन में सुधार के बाद ही आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।
सहायक आयुक्त भी कार्रवाई की जद में
राजस्व वसूली की निगरानी की जिम्मेदारी संभाल रहीं सहायक आयुक्त कीर्ति चौहान पर भी कार्रवाई की गई है। निगम स्तर पर यह शिकायतें सामने आई थीं कि राजस्व से जुड़ी फाइलों का समय पर निपटारा नहीं हो रहा था और नियमित समीक्षा भी प्रभावी ढंग से नहीं की जा रही थी। इन कारणों से उनका वेतन रोकने के निर्देश भी जारी किए गए।
इन वार्डों में सबसे कम रही कर वसूली
नगर निगम के अनुसार निम्नलिखित वार्ड राजस्व वसूली में लक्ष्य से पीछे रहे:
- जोन-1: वार्ड 3, 4, 5
- जोन-2: वार्ड 7, 10, 21
- जोन-3: वार्ड 11, 12, 13
- जोन-4: वार्ड 15, 16, 17, 18, 20
- जोन-5: वार्ड 8, 9, 14, 19, 22, 23
- जोन-6: वार्ड 47, 48, 51
- जोन-8: वार्ड 27, 28, 29, 30, 46
- जोन-10: वार्ड 42, 45, 49, 50
- जोन-15: वार्ड 62, 63, 64, 66, 67
- जोन-17: वार्ड 75, 76, 77, 78, 79
- जोन-18: वार्ड 80, 82, 83

