भोपाल के मालवीय नगर स्थित एमएलए रेस्ट हाउस परिसर में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में कांग्रेस विधायक दिनेश गुर्जर के पुत्र देवराज सिंह गुर्जर के साथ कथित मारपीट हुई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। दूसरे पक्ष ने आरोप लगाया है कि विधायक पुत्र के साथ आए कुछ युवकों ने उनके साथ भी मारपीट की और अरेरा हिल्स थाने में भी हमला किया। हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने देवराज सिंह गुर्जर की शिकायत पर चार युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा पांच अन्य युवकों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा गया है।
कारों की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मुरैना से कांग्रेस विधायक दिनेश गुर्जर को एमएलए रेस्ट हाउस में आवास आवंटित है। बताया जा रहा है कि बुधवार रात देवराज सिंह गुर्जर अपने कुछ साथियों के साथ वहां मौजूद थे।
इसी दौरान रात करीब 11 बजे रेस्ट हाउस परिसर के पास यादव बस्ती क्षेत्र में रहने वाले राजकुमार और हनी की कारों के बीच टक्कर हो गई। घटना के समय रोहन नामक युवक भी वहां मौजूद था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कारों की टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान देवराज सिंह गुर्जर भी मौके पर पहुंचे और विवाद कर रहे युवकों को वहां से जाने के लिए कहा। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई।
दूसरे पक्ष ने लगाए पलटवार और थाने में मारपीट के आरोप
रोहन के पिता राजकुमार यादव का आरोप है कि विवाद के बाद देवराज सिंह गुर्जर ने अपने परिचितों को मौके पर बुलाया, जिसके बाद रोहन सहित अन्य युवकों के साथ मारपीट की गई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब रोहन के भाई पंकज, मयंक और पड़ोस में रहने वाला विक्की मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट हुई। राजकुमार यादव ने दावा किया है कि विधायक पुत्र और उनके साथियों ने अरेरा हिल्स थाने के अंदर भी युवकों के साथ मारपीट की। साथ ही उन्होंने पुलिस पर दुर्व्यवहार और थर्ड डिग्री देने के आरोप भी लगाए हैं।
हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी होने की बात कही है।
पुलिस का पक्ष
पुलिस के अनुसार देवराज सिंह गुर्जर के साथ मारपीट किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई। अधिकारियों का कहना है कि दूसरे पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।
डीसीपी जोन-2 विकास शहवाल ने कहा कि देवराज सिंह गुर्जर से मारपीट की शिकायत मिलने पर संबंधित आरोपितों को हिरासत में लिया गया था। उन्होंने बताया कि दूसरे पक्ष के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एमएलए रेस्ट हाउस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद कांग्रेस विधायक दिनेश गुर्जर ने एमएलए रेस्ट हाउस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि प्रदेश के विधायकों के लिए बनाए गए इस परिसर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।
उन्होंने दावा किया कि पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरों का अभाव है, जिसके कारण घटनाओं की वास्तविक स्थिति सामने लाने में कठिनाई होती है। विधायक ने यह भी कहा कि लगभग एक माह पहले भी एमएलए रेस्ट हाउस स्थित एक आवास में चोरी की घटना सामने आ चुकी है।