Monday, 6 July

रायसेन जिले में विश्व पर्यटन नगरी सांची में रविवार रात उस समय अलग स्थिति देखने को मिली, जब वार्ड क्रमांक 14 की बांके बिहारी कॉलोनी के रहवासियों ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का काफिला रोककर अपनी समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया। बड़ी संख्या में मौजूद स्थानीय लोगों ने मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए कॉलोनी में वर्षों से लंबित बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा उठाया।

रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी को विकसित हुए करीब आठ वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक सड़क, नालियों, पेयजल व्यवस्था और नियमित बिजली जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकी हैं। उनका आरोप है कि प्लॉट बेचते समय कॉलोनाइजर ने सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिया था, लेकिन समय बीतने के बावजूद वादे पूरे नहीं किए गए।

स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि वे पहले भी कई बार संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों और विभागों के समक्ष अपनी शिकायतें दर्ज करा चुके हैं। ज्ञापन देने और लगातार मांग उठाने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से कॉलोनी के लोग परेशान हैं।

रहवासियों ने केंद्रीय मंत्री से मांग की कि कॉलोनी में जल्द से जल्द बुनियादी सुविधाओं का विकास कराया जाए। साथ ही, यदि कॉलोनाइजर ने नियमों का उल्लंघन किया है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।

लोगों की बातें सुनने के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने वाहन से उतरकर सीधे रहवासियों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई कराई जाएगी। मंत्री ने कहा कि वह स्वयं एक दिन कॉलोनी में आकर लोगों के बीच समय बिताएंगे और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से समस्याओं के समाधान की दिशा में प्राथमिकता से काम कराया जाएगा।

Share.
Exit mobile version