मध्य प्रदेश के हरदा जिले में शुक्रवार शाम मूंग की सरकारी खरीदी को लेकर किसानों का असंतोष सड़क पर दिखाई दिया। आम किसान यूनियन और अन्य किसान संगठनों के आह्वान पर किसानों ने करीब एक घंटे तक सांकेतिक चक्काजाम कर सरकार से समर्थन मूल्य पर पूरी उपज खरीदने की मांग उठाई। इस दौरान इंदौर रोड, खंडवा रोड और अबगांवखुर्द के समीप प्रमुख मार्गों पर प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना था कि मौजूदा खरीदी व्यवस्था के कारण बड़ी मात्रा में मूंग समर्थन मूल्य पर नहीं बिक पा रही है। उनका आरोप है कि सीमित खरीदी की वजह से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से 100 प्रतिशत मूंग की खरीदी सुनिश्चित करने की मांग की।
कृषि विभाग के अनुसार प्रदेश में मूंग की औसत उत्पादकता 12 क्विंटल प्रति हेक्टेयर निर्धारित की गई है। शासन के मौजूदा निर्देशों के तहत अनुमानित उत्पादन का केवल 25 प्रतिशत हिस्सा ही समर्थन मूल्य पर खरीदा जा रहा है। हरदा जिले में इस वर्ष करीब 1.24 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में मूंग की खेती हुई है, जबकि उपज बेचने के लिए 41,418 किसानों ने पंजीयन कराया है। किसानों का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था में प्रति एकड़ लगभग 1 क्विंटल 20 किलोग्राम तक ही खरीदी होने से अधिकांश उत्पादन खुले बाजार में बेचना पड़ रहा है।
आम किसान यूनियन और राष्ट्रीय किसान मोर्चा के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। किसान नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही 100 प्रतिशत खरीदी का निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा तथा भोपाल में भी प्रदर्शन किया जाएगा।
चक्काजाम की पूर्व सूचना प्रशासन के पास होने के कारण पुलिस और जिला प्रशासन ने पहले से वैकल्पिक यातायात व्यवस्था लागू कर दी थी। बायपास हनुमान मंदिर, खेड़ीपुरा नाका और सिविल लाइन थाना क्षेत्र से वाहनों का डायवर्जन कराया गया, जबकि सभी प्रदर्शन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती रही, जिससे कानून-व्यवस्था और यातायात पर न्यूनतम प्रभाव बनाए रखने का प्रयास किया गया।