भोपाल। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव व मध्यप्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को हिट विकेट प्लेयर बताया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के ट्वीट पर कहा कि वे सिर फोड़ें, लड़ें, हमारी नमस्कार…।
मंगलवार को भोपाल में कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से बातचीत में सुरजेवाला ने मध्यप्रदेश में BJP के शीर्ष नेतृत्व के दौरों पर कहा कि अमित शाह और नितिन गडकरी यहां वोट की खेती काटने के लिए आ रहे हैं, किसानों की इन्हें चिंता नहीं है। सुरजेवाला ने कहा, ‘ये लोग महाकाल को भी नहीं छोड़ते। किसानों को बर्बाद कर अपनी सत्ता आबाद करने की भाजपाई कोशिश औंधे मुंह गिरेगी।’
सुरजेवाला ने शाह और गडकरी से 5 सवाल किए…
पहला सवाल: श्योपुर में बाजरा-सोयाबीन, खंडवा-निमाड़ में सोयाबीन, कपास, मिर्च की फसल खराब हो चुकी है या हो रही है। क्या शाह और गडकरी किसान की इस व्यथा और पीड़ा को जानते-समझते हैं?
दूसरा सवाल: शिवराज सिंह चौहान सत्ता की भूख मिटाने के लिए यात्राओं के जश्न में डूबे हैं। खेती बूंद-बूंद को तरस रही है। किसान कराह रहा है। भाजपा अवसरवाद यात्रा कर रही है। शाह और गडकरी बताएंगे कि किसान से ये धोखेबाजी क्यों?
तीसरा सवाल: MP में 11 से ज्यादा फसलें किसान उगाते हैं। 34 लाख हेक्टेयर से अधिक में धान, 66 लाख हेक्टेयर से अधिक में सोयाबीन, 19 लाख से अधिक हेक्टेयर में ज्वार-बाजरा-मक्का, 5 लाख हेक्टेयर से अधिक में कपास बोते हैं। न नहरों से पानी छोड़ा, न बिजली दी। शाह और गडकरी आप सिर्फ वोट की खेती काटने आए हैं? ऐसा क्यों? ये छल प्रपंच नहीं तो और क्या है?
चौथा सवाल: जो महाकाल को भी छोड़ते, लूटते हैं, वही शिवराज सिंह चौहान वहां जाकर पूजा का प्रपंच कर रहे। किसान ने कर्ज लेकर खरीफ की फसल लगाई। शिवराज ने उनसे ऐसा धोखा किया, न नहर में पानी, न बिजली दी। किसान को सरकार राहत क्यों नहीं दे रही?
पांचवां सवाल: MP में भी 15000 मेगावॉट बिजली की डिमांड है। सरकार भी मानती है कि 3 से 5 हजार मेगावॉट की कमी है। MP में बिजली बनाने के सारे प्लांट चलें तो प्रोडक्शन कैपेसिटी 20000 मेगावॉट है। मौसम विभाग ने पूर्व चेतावनी दी। बिजली व्यवस्था क्यों नहीं की? अब 10 रु. प्रति यूनिट पर बिजली खरीदकर चांदी लूटी जा रही। फिर भी न तो किसान के लिए, न गांव और शहरों घरों के लिए बिजली है। 1800 मेगावॉट बिजली उत्पादन सीजन के बीच में क्यों बंद कर दिया गया?
सवाल: CM शिवराज बारिश के लिए पूजा – पाठ कर रहे हैं?
सुरजेवाला: जो लोग महाकाल में भ्रष्टाचार के दोषी हैं, क्या उन पापियों की आवाज भी प्रभु सुनेंगे। मैं एक बात कहता हूं कि अगर भगवान को ही सब कुछ करना है तो फिर सरकार किस बात के लिए? वे अपना कर्तव्य कब निभाएंगे। मैं भगवत गीता की धरती से आता हूं। श्रीकृष्ण ने कहा है कि कर्म करो। कर्म करने की जिम्मेदारी जिन्होंने ली, उन्हें इसका बोध कब होगा? वे भगवान भरोसे छोड़कर लूट की खेती कर रहे हैं। ऐसों को जल्दी चलता करना चाहिए।
सवाल: आज रोज नई घोषणाएं हो रही हैं, करोड़ों रुपए खर्च हो रहे हैं, कैसे लगाम लगाएंगे?
सुरजेवाला: जनता की अदालत से बड़ी लगाम कोई नहीं। शिवराज सिंह जानते हैं कि भाजपा की सरकार नहीं आ रही। शिवराज का राजनीतिक सूर्य अस्त हो चुका है। भाजपा उन्हें नकार चुकी है। आप मुझे बताइए, जिस सिटिंग मुख्यमंत्री को अमित शाह आकर नकार जाएं, बोलें कि नहीं ये कुछ नहीं हैं, वे आखिरी 30 दिन में घोषणा किए जा रहे हैं। जिसने 18 साल में कुछ नहीं किया, 30 दिन पर कौन विश्वास करेगा।
सवाल: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शिवराज को धोनी कहा है?
जवाब: माफ कीजिए, इससे बड़ा अपमान हमारे क्रिकेटर का शायद किसी ने नहीं किया। वे (शिवराज) एक ऐसे फिसड्डी प्लेयर हैं, जिन्हें ट्रायल में भी कोई मौका नहीं देगा। वे बैट पकड़कर हिट विकेट करते हैं। वे हिट विकेट प्लेयर हैं।
सवाल: उमा भारती ने कहा है कि सुरजेवाला उनके और BJP के बीच में न पड़ें?
सुरजेवाला: हम क्यों पड़ेंगे। मैं मेरी बहन से सहमत हूं। उनका घर है। वे लड़ें, सिर फोड़ें, एक-दूसरे को निकालें, तिरस्कार करें, बेइज्जत करें, हमारी नमस्कार।