भोपाल, नई दिल्ली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दिल्ली दौरे पर हैं। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर शुक्रवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। सीएम यादव के साथ डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री से मुख्यमंत्री की प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की है। आज सुबह ही सीएम ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भी मुलाकात की है। उनके बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री की भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात होना है। आज की बैठक में मंत्रिमंडल के सदस्यों की सूची को अंतिम रूप दिया जा सकता है। ऐसी संभावना है कि 23 दिसंबर को मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है। मंत्रिमंडल में पुराने चेहरों यानी मंत्री रह चुके नेताओं के बजाय नए चेहरों को तवज्जो मिल सकती है। तीन से पांच बार विधायक बनने के बाद भी मंत्री पद से चूके नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह दी जा सकती है।
मप्र के सांसदों के साथ मुख्यमंत्री का डिनर
इससे पहले गुरुवार रात को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली में प्रदेश के सांसदों के साथ मुलाकात की। मध्यप्रदेश भवन में हुई इस सौजन्य मुलाकात में प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। इस दौरान ष्टरू ने सांसदों के साथ डिनर भी किया। दोनों डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल और जगदीश देवड़ा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश भी मौजूद रहे। सांसदों के साथ सीएम की विकसित भारत संकल्प यात्रा के समन्वय, भारत सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं के प्रदेश में क्रियान्वयन और भारत सरकार में लंबित प्रदेश से जुड़े विषयों पर संसदीय क्षेत्रवार चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के सांसदों से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान सहभोज भी था। हम सब मिलकर प्रदेश की बेहतरी के लिए काम करेंगे।
राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह और विवेक तन्खा भी पहुंचे: सीएम के सहभोज और सौजन्य भेंट कार्यक्रम में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह और विवेक तन्खा भी पहुंचे। इस दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा- जनता ने उन्हें अवसर दिया है। अब वे अपने किए वादे पूरे करें। गारंटी पूरी करें। दिग्विजय सिंह ने कहा कि हमसे सकारात्मक सहयोग मांगा जाएगा तो देंगे।