नई दिल्ली। अविश्वास प्रस्ताव पर आज लोकसभा में लगातार दूसरे दिन चर्चा जारी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज इसे लेकर सदन में अपनी बात रख रहे हैं। अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान भाजपा पर बरसते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आप देशभक्त, देशप्रेमी नहीं, आप देशद्रोही हो। इसलिए प्रधानमंत्री मणिपुर नहीं जा सकते क्योंकि उन्होंने मणिपुर में हिन्दुस्तान की हत्या की है। राहुल गांधी के तुरंत बाद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पलटवार करते हुए उन्हें जवाब दिया। बताया गया है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज शाम 4 बजे सदन में कांग्रेस को जवाब देंगे।
राहुल गांधी ने स्पीकर से कहा- सबसे पहले मैं आपका धन्यवाद करना चाहता हूं कि आपने मेरी सांसदी बहाल की। पिछली बार जब मैं बोला तो थोड़ा कष्ट भी पहुंचाया। इतनी जोर से अडाणीजी पर फोकस किया कि जो आपके सीनियर नेता हैं, उन्हें थोड़ा कष्ट हुआ। जो कष्ट हुआ उसका असर शायद आप पर भी हुआ। इसके लिए माफी मांगता हूं। मैंने सिर्फ सच्चाई रखी थी। आज मैं दिमाग से नहीं बोलना चाहता, आज मैं दिल से बोलूंगा। मैं आज आप लोगों पर इतना आक्रमण नहीं करूंगा। एक-दो गोले जरूर मारूंगा। आप रिलेक्स कर सकते हैं। स्पीकर ने राहुल को टोकते हुए कहा, माननीय सदस्यों, भारत मां, हमारी मां है। हमें सदन में बोलते समय संयम बरतना चाहिए। इस पर राहुल ने कहा कि मैं मणिपुर में अपनी मां की हत्या की बात कर रहा हूं। एक मेरी मां यहां बैठी हैं, दूसरी मां को इन्होंने मणिपुर में मारा है। …और हर रोज, जब तक आप हिंसा को बंद नहीं करोगे, तब तक आप मेरी मां की हत्या कर रहे हो। हिंदुस्तान की सेना मणिपुर में एक दिन में शांति ला सकती है, लेकिन आप नहीं होने दे रहे क्योंकि आप हिंदुस्तान को मणिपुर में मारना चाहते हो। मोदी जी अगर हिंदुस्तान की आवाज नहीं सुनते हैं, मणिपुर की आवाज नहीं सुनते हैं तो सिर्फ दो लोगों की आवाज सुनते हैं। रावण दो लोगों की सुनता था- मेघनाथ और कुंभकर्ण। वैसे ही नरेंद्र मोदी दो लोगों की सुनते हैं- अमित शाह और अदाणी। लंका को हनुमान ने नहीं जलाया था, लंका को रावण के अहंकार ने जलाया था।
‘आप देशभक्त, देशप्रेमी नहीं, आप देशद्रोही हो’
राहुल ने भाषण दोबारा शुरू करते हुए कहा कि जैसे मैंने शुरुआत में कहा था कि भारत एक आवाज है। उस आवाज की हत्या आपने मणिपुर में की। इसका मतलब आपने भारत माता की हत्या मणिपुर में की। आपने मणिपुर के लोगों को मारकर भारत की हत्या की है। आप देशभक्त, देशप्रेमी नहीं हो, आप देशद्रोही हो। इसलिए प्रधानमंत्री मणिपुर नहीं जा सकते क्योंकि उन्होंने मणिपुर में हिंदुस्तान की हत्या की है। आप भारत माता के हत्यारे हो।
राहुल ने कहा- इन्होंने मणिपुर में हिंदुस्तान की हत्या की है
राहुल ने कहा कि एक महिला से पूछा कि क्या हुआ आपके साथ? वो कहती हैं कि मेरा छोटा सा बेटा था, एक ही बच्चा था मेरा, मेरी आंखों के सामने उसे गोली मारी गई। …आप अपने बेटों के बारे में सोचिए। मैं पूरी रात उसकी लाश के साथ लेटी रही। (विपक्ष ने कहा कि ये झूठ है, इस पर राहुल ने कहा कि नहीं, झूठ आप बोलते हैं, मैं नहीं) फिर मुझे डर लगा, मैंने घर छोड़ दिया। मैंने पूछा कि कुछ तो लाई होगी। वो बोलीं कि सिर्फ मेरे कपड़े मेरे पास हैं। …फिर फोटो निकालकर कहती हैं कि यही मेरे पास अब बचा है। दूसरे शिविर में एक और महिला से पूछा कि तुम्हारे साथ क्या होगा। जैसे ही मैंने सवाल पूछा, वैसे ही वो कांपने लगी, उसने अपने दिमाग में वह दृश्य याद किया और बेहोश हो गई। …इन्होंने मणिपुर में हिंदुस्तान की हत्या की है, इनकी राजनीति ने मणिपुर को नहीं, हिंदुस्तान को मणिपुर में मारा है। हिंदुस्तान का मणिपुर में मर्डर किया है।
राहुल के बयान पर लोकसभा में जबर्दस्त हंगामा
मणिपुर में हिंदुस्तान का कत्ल होने का जैसे ही राहुल गांधी ने आरोप लगाया, लोकसभा में जमकर हंगामा हुआ। कई सांसदों के बीच नोक-झोंक हुई। राहुल को भाषण में बीच में रोकना पड़ा। फिर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू उठे और कहा कि राहुल गांधी ने आज सदन में जो बातें कहीं हैं, मैं उस पर सवाल पूछना चाहता हूं। सात दशक तक यह होता रहा, इसकी जिम्मेदार कांग्रेस पार्टी है। राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। पूर्वोत्तर को इन्होंने बर्बाद किया है। आज वहां सारी दिक्कत कांग्रेस पार्टी की वजह से है।
मणिपुर खंडित नहीं है, विभाजित नहीं है, मेरे देश का अंग: स्मृति ईरानी
राहुल गांधी के तुरंत बाद उन्हें 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी में हराने वालीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भाषण शुरू किया। उन्होंने कहा कि आप हिंदुस्तान नहीं हैं, भारत मेरिट पर भरोसा करता है, वंशवाद पर नहीं। पहली बार भारत मां की हत्या की बात और कांग्रेस पार्टी यहां पर तालियां बजाती रही। भारत की हत्या की बात पर कांग्रेस पार्टी और विपक्षी सदस्यों ने ताली पीटी है। यहां आज हिंदुस्तानी होने के नाते कहती हूं कि मणिपुर खंडित नहीं है, विभाजित नहीं है, मेरे देश का अंग है।