मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के कोड़ा गांव में मंगलवार को जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बागेश्वर धाम प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के छोटे भाई शालिग्राम गर्ग पर एक ग्रामीण युवक के साथ मारपीट करने और फायरिंग करने का आरोप लगा है। घटना में 30 वर्षीय मोती कुशवाहा घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में तीन नामजद और एक अज्ञात आरोपी सहित कुल चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।
क्या है पूरा मामला
घायल मोती कुशवाहा का आरोप है कि वह गांव में चल रहे एक जमीन विवाद का गवाह है। उसका कहना है कि मंगलवार दोपहर शालिग्राम गर्ग अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंचे और बाहर बुलाकर पहले लाठी-डंडों से हमला किया। विरोध करने पर कथित तौर पर कई राउंड फायरिंग की गई। मोती का दावा है कि एक गोली उसके कान को छूते हुए निकल गई, जबकि पेट में भी गोली लगने की आशंका जताई गई है। इसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।
जमीन विवाद से जुड़ रहा है घटनाक्रम
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, गांव में एक जमीन विवाद पहले से चल रहा है। इसी मामले में मोती कुशवाहा के गवाह होने की बात सामने आई है। घायल पक्ष का आरोप है कि गवाही को लेकर दबाव बनाने के उद्देश्य से उस पर हमला किया गया। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने क्या कहा
छतरपुर के पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि कोड़ा गांव की घटना में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें तीन नामजद और एक अज्ञात आरोपी शामिल है। उन्होंने बताया कि घायल के पेट में गोली होने की सूचना मिली है और एक्स-रे में गोली दिखाई देने की बात सामने आई है। खजुराहो एसडीओपी को मौके पर भेजा गया है तथा वैज्ञानिक और अन्य साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अभी तक सामने नहीं आया आधिकारिक पक्ष
समाचार लिखे जाने तक शालिग्राम गर्ग या बागेश्वर धाम की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सार्वजनिक नहीं की गई थी। ऐसे में घायल पक्ष के आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही होगी।







