शहडोल शहर के रीवा रोड पर मंगलवार को सीवर परियोजना के दौरान खोदी गई सड़क लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई। मदन एजेंसी के पास वार्ड क्रमांक 11/15 में सड़क धंसने से एक ट्रैक्टर गहरे गड्ढे में फंस गया, जिसके चलते करीब चार घंटे तक इस मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, इलाके में सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़क के बीच खुदाई की गई थी। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद गड्ढे को केवल मिट्टी डालकर भर दिया गया, लेकिन सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई। लगातार हो रही बारिश के कारण भरी गई मिट्टी बैठ गई और सड़क दोबारा धंसकर बड़ा गड्ढा बन गई।
मंगलवार को इसी मार्ग से गुजर रहा सीवर निर्माण कार्य में लगा ट्रैक्टर अचानक धंसी हुई सड़क में फंस गया। ट्रैक्टर के फंसते ही सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान दोपहिया, चारपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल आने-जाने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरे रास्तों का सहारा लिया।
पहले भी उठाया गया था मुद्दा
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति और अधूरी मरम्मत को लेकर पहले भी संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया था, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही पर नाराजगी जताई।
जेसीबी की मदद से निकाला गया ट्रैक्टर
सूचना मिलने के बाद मौके पर जेसीबी मशीन पहुंची। काफी प्रयासों के बाद ट्रैक्टर को गड्ढे से बाहर निकाला गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।
स्थायी समाधान की मांग
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका और संबंधित निर्माण एजेंसी से सड़क की जल्द स्थायी मरम्मत कराने, धंसे हुए हिस्से को सुरक्षित तरीके से दुरुस्त करने तथा भविष्य में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।
