सागर। रहली विधानसभा के गढ़ाकोटा में शनिवार शाम बवाल हो गया। गुंजोरा चौराहे के पास चुनावी रंजिश के चलते युवाओं ने जमकर उत्पात मचाया। गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। हंगामे की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और भीड़ को खदेड़ा। घटनाक्रम में दो से तीन लोग घायल हुए हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार चुनावी रंजिश के चलते शनिवार शाम गढ़ाकोटा के गुंजोरा चौराहे के पास दो गुट आमने-सामने हो गए। दोनों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। दो और चार पहिया वाहनों में तोड़फोड़ की गई। घटनाक्रम की सूचना मिलते ही गढ़ाकोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में करने की कोशिश की।
इसी बीच सागर से एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और भीड़ को खदेड़ा। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि गढ़ाकोटा में दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। स्थिति नियंत्रण में हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिनका इलाज चल रहा है। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। विवाद के कारणों के संबंध में पूछताछ जारी है। घटनास्थल पर किसी भी पार्टी का प्रत्याशी नहीं मिला है।
कांग्रेस प्रत्याशी पटेल ने वीडियो जारी कर लगाए आरोप घटनाक्रम को लेकर रहली विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी ज्योति पटेल ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया है। जिसमें वह कह रही हैं कि हम लोग गढ़ाकोटा में खड़े हैं। यहां गोपाल भार्गव के गुंडे हम लोगों को मारने आए हैं। लट्ठ चला रहे हैं। गालियां दे रहे हैं। घर में घुसने का प्रयास कर रहे हैं। हमारी गाड़ियां फोड़ दी गई है। हमारी कोई नहीं सुन रहा है। हमारी जान को खतरा हो सकता है। हम कोई ऐसा कार्य न करें, जिससे द्वेष पैदा हो इधर, घटनाक्रम को लेकर रहली विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी गोपाल भार्गव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि मुझे जानकारी प्राप्त हुई है कि गढ़ाकोटा में दो पक्षों में किसी पुराने विषय पर विवाद हुआ है। आसामाजिक तत्वों द्वारा राजनीतिक और सामाजिक स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। मेरी आप सभी क्षेत्रवासियों से अपील है कि हम सभी को इसी विधानसभा क्षेत्र में जीवन भर रहना है और हम कोई ऐसा कार्य न करें, जिससे कि सामाजिक द्वेष या कटुता पैदा हो।

