भोपाल/ग्वालियर। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों की पांचवीं लिस्ट जारी होते ही बीजेपी नेताओं के बीच बवाल मच गया है. ग्वालियर में टिकट वितरण से नाराज नेता मुन्नालाल गोयल के समर्थकों ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के महल का घेराव किया है. सैकड़ों की संख्या में समर्थकों ने यहां जोरदार प्रदर्शन किया. इन समर्थकों की महल के सुरक्षा गार्ड्स से भी भिड़ंत हुई. इस बीच महिलाओं ने महल के पहले चेक पॉइंट पर जबर्दस्ती अंदर घुसने की कोशिश की. महिला समर्थकों ने यहां मुख्य दरवाजे के सामने जमीन पर बैठकर धरना दिया. मुन्नालाल गोयल के समर्थकों ने न केवल केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के महल का घेराव किया, बल्कि उनकी गाड़ी के आगे भी लेट गए।
ये देख सिंधिया गाड़ी से उतरे और समर्थकों को समझाया. इसके बाद पुलिस सुरक्षा में उनकी गाड़ी मौके से रवाना हुई. बता दें, गोयल के समर्थक माया सिंह को टिकट देने का विरोध कर रहे हैं. वे चाहते हैं कि गोयल को टिकट दिया जाए. दूसरी ओर, केंद्रीय चुनाव समिति के संयोजक और दिमानी से बीजेपी प्रत्याशी नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि बीजेपी की दो सीटों को छोड़कर सभी प्रत्याशियों की सूची जारी हो गई है. सभी प्रत्याशी अच्छे हैं. कार्यकर्ता अपने-अपने काम पर लग गए हैं. उनके बीच थोड़ी बहुत मत भिन्नता रहती है. क्योंकि, एक स्थान पर कई टिकिट मांगने वाले होते हैं. भारतीय जनता पार्टी की सारी स्थितियां नियंत्रण में हैं।
भोपाल में पूर्व मंत्री हुए बागी..?
इधर भोपाल में पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता के बागी होने की खबर है। हालांकि उनका अभी तक अधिकृत बयान नहीं आया है, लेकिन उनके कई समर्थकों ने इस्तीफा देना शुरू कर दिया है। एक दर्जन से अधिक लोगों ने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है। बीजेपी ने दक्षिण पश्चिम सीट से भगवान दास सबनानी को टिकट दिया है। पिछली बार गुप्ता बड़े अंतर से हार गए थे। उनका काफी विरोध था। गुप्ता के भांजे आशीष अग्रवाल कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं।

