नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने 56 राज्यसभा सीटों पर चुनाव तारीखों का ऐलान कर दिया. 15 राज्यों की 56 राज्यसभा सीटों पर 27 फरवरी को चुनाव होगा. चुनाव आयोग ने बताया कि इन 56 राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल अप्रैल 2024 में खत्म होना है. इनपर 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा. नामांकन की आखिरी तारीख 15 फरवरी है।
56 सीटों में से सबसे ज्यादा 10 उत्तर प्रदेश की हैं. इसके अलावा महाराष्ट्र-बिहार की 6-6 सीटें हैं. जबकि मध्यप्रदेश-पश्चिम बंगाल की 5-5 सीटें हैं. कर्नाटक और गुजरात की 4-4 राज्यसभा सीटों पर भी 27 फरवरी को मतदान होगा. इसके अलावा तेलंगाना-राजस्थान और ओडिशा की 3-3 सीटों पर मतदान होगा. इसके अलावा छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल की 1-1 सीट पर मतदान होगा।
27 फरवरी को ही आएंगे नतीजे
राज्यसभा की 56 सीटों पर 27 फरवरी को वोटिंग होगी और इसी दिन नतीजे आएंगे. चुनाव के लिए आयोग 8 फरवरी को अधिसूचना जारी करेगा. नामांकन की आखिरी तारीख 15 फरवरी है. नामांकन पत्रों की जांच की तारीख 16 फरवरी है. उम्मीदवार 20 फरवरी तक नाम वापस ले सकेंगे।
मध्य प्रदेश से पांच सीटें
मध्य प्रदेश से राज्यसभा की पांच सीटें खाली हो रही हैं। विधानसभा रिजल्ट के बाद कांग्रेस का समीकरण गड़बड़ा गया है। 2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 163 और कांग्रेस को 66 मिली है। 2018 की तुलना में कांग्रेस की सीटों की संख्या 48 कम हुई है।इनमें से तीन सीटों पर बीजेपी और दो सीटों पर कांग्रेस काबिज है। अभी के गणित के हिसाब से मध्य प्रदेश में एक सीट पर जीत के लिए 58 वोटों की जरूरत होती है। अभी सीटों की संख्या देखें तो बीजेपी के खाते में दो सीटें पक्की हैं। तीसरे सीट के लिए 11 वोटों की जरूरत और पड़ेगी। वहीं, कांग्रेस के खाते में एक सीट जाती दिख रही है।इन सीटों पर अभी बीजेपी के धर्मेंद्र प्रधान, एल मुरुगन, कैलाश सोनी और अजय प्रताप सिंह हैं। वहीं, कांग्रेस के राजमणि पटेल हैं। प्रधान और मुरुगन केंद्रीय मंत्री हैं।केएल मुरुगन एमपी से थावर चंद गहलोत की सीट पर चुने गए थे, जब उन्हें 2021 में केरल का राज्यपाल बना दिया गया था। वहीं, एमपी से बीजेपी के राज्यसभा सांसद में ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुमिज्ञा वाल्मिकी, कविता पाटीदार और सुमेर सिंह सोलंकी हैं। सुमेर सिंह सोलंकी का कार्यकाल 2026 तक है। वहीं, कविता पाटीदार और सुमित्रा वाल्मिकी का कार्यकाल 2028 तक है।

