भोपाल/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मध्यप्रदेश के 33 रेलवे स्टेशनों सहित 27 राज्यों के 300 से अधिक जिलों में 550 से ज्यादा रेलवे स्टेशनों का शिलान्यास, पुनर्विकास और लोकार्पण किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री दिल्ली से वर्चुअली जुड़े और उन्होंने रिमोट के जरिए उद्घाटन किया। राज्यपाल मंगुभाई पटेल संतहिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन और मुख्यमंत्री मोहन यादव सीहोर रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में कहा-मोदी जब विकसित भारत की बात करता है तो इसके सूत्रधार और सबसे बड़े लाभार्थी देश के युवा ही हैं। यह युवाओं के सपनों का भारत है, इसलिए विकसित भारत कैसा होगा, यह तय करने का सबसे अधिक हक वो भी उन्हीं को है। आपका सपना ही मोदी का संकल्प है। आपका सपना, आपकी मेहनत, मोदी का संकल्प यह विकसित भारत की गारंटी है। उन्होंने कहा, आज एक साथ रेलवे से जुड़ी 2 हजार से अधिक परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। अभी तो इस सरकार के तीसरे टर्म की शुरुआत जून महीने से होने वाली है। अभी से जिस स्केल-स्पीड पर काम होना शुरू हो गया है, सभी को हैरत में डालने वाला है।
पीएम ने कहा, आज 27 राज्यों के 300 से अधिक जिलों में 550 से ज्यादा रेलवे स्टेशन का कायाकल्प का शिलान्यास हुआ है। आज 1500 से ज्यादा रोड, ओवरब्रिज, अंडरपास भी इसमें शामिल हैं। 40 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाएं एक साथ जमीन पर उतर रही हैं। कुछ महीने पहले हमने अमृत भारत रेलवे स्टेशन की शुरुआत की थी। तब भी 500 से अधिक स्टेशन के आधुनिकरण पर काम हुआ। यह कार्यक्रम इसे और आगे बढ़ा रहा है। यह दिखाता है कि भारत की प्रगति की रेल किस गति से आगे बढ़ रही है।
प्रदेश को नई सौगातें, विकास तेज होगा: यादव
मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आधुनिक और तेज रेलवे के लिए अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 41हजार करोड़ की लागत से देश भर के 554 रेलवे स्टेशनों के कायाकल्प और 1500 रोड ओवर ब्रिज /अंडरपास के शिलान्यास, उद्घाटन व राष्ट्र को समर्पण कार्यक्रम में सीहोर से शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत प्रदेश के 33 से अधिक रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार माना । उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में 77000 करोड रुपए के निर्माण कार्य जारी हैं, प्रदेश में रेलवे सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है, और हमें विश्व स्तरीय रेलवे स्टेशन और रेल सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं।
2021 स्थानों पर हो रहा कार्यक्रम: वैष्णव
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्वागत संबोधन दिया। उन्होंने इसे रेलवे के लिए सबसे बड़ा कार्यक्रम बताते हुए कहा कि यह अभूतपूर्व है। केंद्रीय रेल मंत्री ने कहा कि वंदे भारत ट्रेन आज विश्व स्तर की रेल यात्रा का आनंद दे रही है। वैष्णव ने इस अवसर पर अमृत भारत स्टेशन योजना का भी उल्लेख किया। पीएम मोदी के पूछने पर बताया गया कि देश के दो हजार 21 स्थानों पर यह कार्यक्रम हो रहा है। इसमें कितने जनप्रतिनिधि जुड़े हैं इसकी जानकारी भी दी गई। इस मौके पर रेलवे पर आधारित एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।
पश्चिम मध्य रेल के 12 स्टेशनों के पुनर्विकास प्रोजेक्ट का शिलान्यास
अमृत स्टेशन योजना के तहत पश्चिम मध्य रेल के 12 स्टेशनों के पुनर्विकास प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया गया है। एमपी में 77800 करोड़ की 33 से अधिक रेलवे परियोजनाएं चल रही हैं। प्रधानमंत्री देशभर में 554 रेलवे स्टेशन का शिलान्यास और एक स्टेशन का लोकार्पण के साथ ही 1500 रेल ओवरब्रिज, रेल अंडरपास का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया गया। इससे पहले पीएम ने 6 अगस्त 2023 में एमपी के 33 स्टेशनों का शिलान्यास किया था, तब देशभर के 508 स्टेशन शामिल थे। इसमें मुख्य रूप से संत हिरदाराम नगर, बैतूल, ग्वालियर, डबरा, मंदसौर शामिल थे। अमृत भारत योजना के तहत एमपी के 80 स्टेशनों को विश्वस्तरीय बनाने की योजना है। वहीं, इस वर्ष के बजट में मप्र को 15143 करोड़ बजट मिला है।
इन 33 स्टेशनों पर बड़े बदलाव
इंदौर, मंदसौर, सीहोर, मक्सी, नागदा जंक्शन, नीमच, खाचरोद, शुजालपुर, बालाघाट जंक्शन, छिंदवाड़ा जंक्शन, मंडला फोर्ट, नेनपुर, सिवनी, अनूपपुर, बिजूरी, शहडोल, उमरिया, भिंड, दतिया, हरपालपुर, मुरैना, अशोकनगर, खिरकिया, सांची, शाजापुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, ब्यौहारी, बरगंवा, जबलपुर, उज्जैन, बीना और खंडवा स्टेशन शामिल हैं। 3276 करोड़ रुपए की रेल परियोजनाओं के तहत मप्र के 33 स्टेशनों के पुनर्विकास का शिलान्यास, 133 रोड ओवरब्रिज और अंडरपास शामिल हैं। इनमें भोपाल मंडल के 5 स्टेशन, 4 रोड ओवरब्रिज और 2 अंडरपास शामिल हैं। भोपाल मंडल में कुल 292.19 करोड़ रुपए की लागत से विकास/उन्नयन/निर्माण कार्य किए जाने हैं। इसमें भोपाल मंडल के 5 स्टेशन खिरकिया 10.38 करोड़, सांची 8.59 करोड़, बीना 140.00 करोड़, अशोकनगर 10.6 करोड़, शाजापुर 11.66 करोड़ शामिल हैं। इनमें 181.23 करोड़ रुपए की लागत से उन्नयन कार्य किए जाएंगे।
सीहोर में रोड शो निकालकर स्टेशन पहुंचे सीएम यादव
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव सीहोर स्टेशन पहुंचकर शामिल हुए। मुख्यमंत्री रोड शो कर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अल्हादखेड़ी हेलीपैड से सैकड़ाखेड़ी, नया बस स्टैंड, आनंद डेयरी होते हुए कोतवाली चौराहा, लीसा टॉकीज होते हुए तहसील चौराहे तक रोड शो किया। इस दौरान जगह-जगह मंच से उनका स्वागत किया गया। तहसील चौराहे से कार द्वारा शुगर फैक्ट्री लुनिया चौराहा होते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचे।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की गंगा बह रही है-शुक्ल
सांची स्थित रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री शुक्ल शामिल हुए। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 8 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से रायसेन जिले के सांची रेलवे स्टेशन का पुर्नविकास और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। यहां उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की गंगा बह रही है। आज भारत आर्थिक, भू-राजनीतिक, सामाजिक विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व रूप से सशक्त हुआ है। अधोसंरचना विकास हो या स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा, शहरी विकास हो या ग्रामीण क्षेत्रों का सशक्तीकरण हर आयाम में विकास के सुनियोजित कार्य से देश का कायाकल्प हो रहा है। कार्यक्रम में सांसद रमाकांत भार्गव, पूर्व मंत्री और सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, रेलवे के अधिकारी उपस्थित थे।

