नई दिल्ली/ भोपाल। मणिपुर से शुरु हुई भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने के लिए मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेता भी दिल्ली से इंफाल के लिए रवाना हुए। दिल्ली से रवाना हुई स्पेशल फ्लाइट में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, अभिषेक मनु सिंघवी, अशोक गहलोत, भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के साथ एमपी के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी इंफाल पहुंचे। फ्लाइट टेक ऑफ के पहले कांग्रेस नेताओं ने नारा लगाया- न्याय का हक-मिलने तक… हालांकि राहुल गांधी की इस यात्रा के शुरुआती कार्यक्रम में पूर्व सीएम कमलनाथ नहीं पहुंचे।
कोहरे के कारण लेट हुई फ्लाइट
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज यानी 14 जनवरी से मणिपुर के थौबल से शुरू होना है। राहुल कांग्रेस नेताओं के साथ इंफाल के लिए रवाना हो गए हैं। दिल्ली में घने कोहरे के चलते उनकी फ्लाइट में देरी हुई।
यात्रा की इसकी शुरुआत पहले इंफाल से होने वाली थी, लेकिन बाद में पार्टी ने जगह बदलकर 34 किलोमीटर दूर थौबल कर दी गई। कांग्रेस सीनियर लीडर जयराम रमेश ने कहा कि राहुल गांधी इंफाल आएंगे और सबसे पहले खोंगजोम युद्ध स्मारक जाएंगे। इस युद्ध स्मारक का महत्व सिर्फ मणिपुर ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे।
राहुल 6 हजार किमी से ज्यादा का सफर करेंगे 20 मार्च को खत्म होने वाली यात्रा 15 राज्य और 110 जिलों के 337 विधानसभा सीटों को कवर करेगी। इस दौरान राहुल गांधी बस से और पैदल 6 हजार 713 किलोमीटर से ज्यादा का सफर करेंगे। यह मणिपुर से शुरू होकर नगालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात से होते हुए महाराष्ट्र में खत्म होगी।
मध्य प्रदेश में नौ जिलों से गुजरेगी राहुल की यात्रा
मध्य प्रदेश में यात्रा सात दिनों में 698 KM और 9 जिलों को कवर करेगी। भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान के धौलपुर से मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में प्रवेश करेगी. इसके बाद मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, राजगढ़, आगर मालवा, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ से होते हुए राजस्थान के बांसवाड़ा तक जाएगी. राहुल करीब 7 दिन तक मध्य प्रदेश में यात्रा करेंगे। इस दौरान वह 9 जिलों को कवर करेंगे। इसका समापन 20 या 21 मार्च को मुंबई में होगा।