नई दिल्ली। PM नरेंद्र मोदी ने लोगों से आशीर्वाद मांगते हुए कहा, ‘2047 में देश जब स्वतंत्रता के 100 साल का जश्न मनाए तो हमारे देश का तिरंगा दुनिया में विकसित देश की पहचान के साथ लहराए। इसके लिए आने वाले 5 साल को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया और दावा किया कि लाल किले पर 2024 में वे ही तिरंगा फहराएंगे।’
PM ने अपनी स्पीच की शुरुआत परिवारजन से तो की, लेकिन उन्होंने परिवारवाद के जिक्र के साथ कांग्रेस समेत विपक्षी दलों को भी लपेट लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लालकिले पर अगली बार फिर तिरंगा फहराऊंगा वाले बयान पर राजनीति शुरू हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- अगले साल मोदी अपने घर पर झंडा फहराएंगे। वे आज भी अहंकार दिखा रहे हैं, तो देश निर्माण कैसे करेंगे।
खड़गे ने दिल्ली स्थित कांग्रेस कार्यालय में झंडा फहराया। उन्होंने लाल किले पर कार्यक्रम में शामिल न होने के लिए अपनी खराब तबीयत का हवाला दिया। खड़गे ने कहा कि मुझे आंखों में कुछ समस्या हो रही है। दूसरा मुझे प्रोटोकॉल के मुताबिक, सुबह 9:20 बजे अपने घर पर झंडा फहराना था।
खड़गे ने कहा- PM आज भी अहंकार दिखा रहे हैं
खड़गे ने कहा कि इसके बाद मुझे कांग्रेस कार्यालय आकर भी ध्वजारोहण करना था। इसलिए मैं लाल किला नहीं जा सका। वहां सिक्योरिटी टाइट रहती है, इसलिए PM के निकलने से पहले किसी को निकलने भी नहीं दिया जाता है। इसलिए सिक्योरिटी और समय की कमी को देखते हुए मैंने वहां न जाना ही ठीक समझा।
उधर, RJD सुप्रीमो और बिहार के पूर्व CM लालू प्रसाद यादव ने भी खड़गे की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि PM मोदी अगली बार झंडा नहीं फहराएंगे। इस बार अंतिम है। अगले बार हम आने वाले हैं।
PM ने 10वीं बार लालकिले से तिरंगा फहराया
प्रधानमंत्री ने लाल किले पर 10वीं बार झंडा फहराने के बाद अपने संबोधन में देशवासियों को बधाई दी। PM ने मणिपुर हिंसा, रिफॉर्म्स पर बात की। साथ ही अपनी सरकार के काम का 10 साल का हिसाब दिया। उन्होंने राजनीति से तीन बुराइयों परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण से मुक्ति की अपील भी की।
PM ने लोगों से आशीर्वाद मांगते हुए कहा, ‘2047 में देश जब स्वतंत्रता के 100 साल का जश्न मनाए तो हमारे देश का तिरंगा दुनिया में विकसित देश की पहचान के साथ लहराए। इसके लिए आने वाले 5 साल को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया और दावा किया कि लाल किले पर 2024 में वे ही तिरंगा फहराएंगे।’
देशवासियों को 3 गारंटी दीं
मोदी ने देशवासियों को 3 गारंटी भी दीं। पहली- 5 साल में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनेगा। दूसरी- शहरों में किराए के मकानों में रहने वालों को बैंक लोन में रियायत मिलेगी। तीसरी- देशभर में 25 हजार जन औषधि केंद्र खोले जाएंगे। 17 सितंबर को विश्वकर्मा योजना शुरू करने का ऐलान किया।
इसके अलावा PM ने मणिपुर का दो बार जिक्र किया। उन्होंने भाषण के शुरुआत में कहा- मणिपुर में मां-बेटियों के सम्मान के साथ खिलवाड़ हुआ। लोगों की जान गई। कुछ दिनों से लगातार शांति की खबरें आ रही हैं। देश मणिपुर के लोगों के साथ है। शांति के प्रयास किए जा रहे हैं।
मोदी इस बार ऑफ-व्हाइट कुर्ता और काले रंग की जैकेट में नजर आए। उन्होंने जोधपुरी बांधनी प्रिंट साफा पहना। जिसमें पीला, हरा और लाल रंग था।