भोपाल। मध्यप्रदेश में चुनावी प्रचार के लिए सचिन पायलट और दिग्विजय सिंह एक साथ उड़नखटोले में सवार हुए. राजस्थान में विधानसभा चुनाव लड़ रहे सचिन पायलट मध्य प्रदेश के दौरे पर थे. इस दौरान पत्रकारों ने जब केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ दोस्ती को लेकर सवाल पूछा तो सचिन पायलट ने गोलमोल जवाब दिया।
गुना पहुंचे सचिन पायलट ने कहा, सिंधिया के सबसे बड़े मित्र तो दिग्विजय सिंह थे. उसी वक्त पास में ही बैठे दिग्विजय सिंह ने तपाक से टोकते हुए कहा, ज्योतिरादित्य तो उनके पुत्र के समान हैं. देखने में आया कि पायलट और दिग्विजय सिंह दोनों ही ज्योतिरादित्य सिंधिया से पल्ला झाड़ते हुए नजर आए।
सचिन पायलट ने बयान देते हुए कहा कि मित्रता की बात छोड़िए. आज राजनीति हो रही है सिद्धांत, मुद्दों और विचारधारा की. केंद्र में एक दशक और मध्यप्रदेश में दो दशक की राजनीति से जनता ऊब चुकी है. हमेशा की तरह वही घिसे पिटे वादे और नारे दिए जा रहे हैं. डबल इंजन पूरी तरह से फेल हो चुका है. इस बार चार जगह कांग्रेस की सरकार बनेगी।
राजस्थान के राजनीतिक हालातों पर चर्चा करते हुए पायलट ने कहा कि इस बार पुरानी परिपाटी खत्म होगी. इस बार राजस्थान में सरकार रिपीट होगी. बहुमत के साथ कांग्रेस सरकार बनेगी।

