मंडला। कान्हा टाइगर रिजर्व से दो बाघिन के भिड़ंत का एक वीडियो सामने आया है। कान्हा मैदान के इस वीडियो में बाघिन नीलम (टी 65) अपने तीन शावकों के साथ नजर आ रही है। उसी दौरान बाघिन मोहनी (टी 139) शावकों पर हमला करने की फिराक में नजर आती है। जिसे देख अपने शावकों की रक्षा के लिए नीलम, मोहनी से भिड़ जाती है। वीडियो में इस हमले से घबराए शावक भी इधर उधर भागते नजर आ रहे हैं। बाघिनों के बीच हुए इस संघर्ष में नीलम के घायल होने की खबर है।
अपने सामने बाघिनों को भिड़ता देख पर्यटक दहशत और रोमांच से भर गए। उन्होंने इस दुर्लभ क्षण का वीडियो बना लिया, जो कि अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। कान्हा के डिप्टी डायरेक्टर पुनीत गोयल ने जानकारी दी है कि बाघिन टी65 अपने शावकों के साथ कान्हा मैदान में घूम रही थी। उसी दौरान टी 139 ने उन पर हमला कर दिया। इसमें टी 65 को कुछ चोट आई हैं।
पर्यटकों के माध्यम से हमें सूचना मिली। जिसके बाद स्थानीय कर्मचारी और हाथी दल के माध्यम से निगरानी की गई। डॉक्टर से भी परीक्षण कराया गया। जिसमें पाया गया है कि बाघिन की चोट बहुत गहरी नहीं हैं। इसलिए उसे बेहोश कर उपचार की आवश्यकता नहीं है। नैसर्गिक रूप से उपचार हो रहा है। हम इसकी निरंतर निगरानी कर रहे हैं।
कान्हा मैदान की सुप्रसिद्ध बाघिन मोहनी और नीलम चिर परिचित प्रतिद्वंद्वी हैं। इनके बीच टेरेटरी को लेकर आये दिन भिड़ंत होती रहती है। जनवरी 2023 में दोनों के बीच भीषण संघर्ष हुआ था। जिसमें नीलम गंभीर रूप से घायल हुई थी। उस समय नीलम के 4 शावक करीब ढाई महीने के थे। तब पार्क के डॉक्टरों ने घायल नीलम का उपचार और ऑपरेशन किया, साथ ही सतत निगरानी रखी। जिसके बाद नीलम फिर से स्वस्थ हो सकी थी।