भोपाल ।भोपाल के यूट्यूबर अमरजीत सिंह 55 दिन से भारत की यात्रा पर हैं। वे 17 सितंबर को कार से निकले थे। अब तक कुल 31 राज्यों में जा चुके हैं। यानी साउथ और नॉर्थ इंडिया तक हर राज्यों में पहुंच चुके हैं।
लद्दाख, कश्मीर और हिमाचल में भी उनकी यात्रा हो चुकी है। लेकिन, मणिपुर के हालातों के चलते वे वहां नहीं जा पाए। अमरजीत कहते हैं कि अभी तक कुल 16 किमी से अधिक गाड़ी चला चुके हैं। उनका उद्देश्य भोपाल समेत पूरे मध्यप्रदेश के टूरिज्म को प्रमोट करना है।
उन जगहों को सामने लाएंगे, जहां पर्यटक नहीं जाते
अमरजीत कहते हैं कि हमारा भारत टूरिज्म के लिहाज से इतना बेहतर है कि विदेश जाने की कभी जरूरत ही नहीं है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए उन्होंने मित्र आयुष जैन के साथ प्लान बनाया। हमारा पहला उद्देश्य यही था कि उन जगहों को सामने लाएं, जहां पर्यटक कम पहुंचते हैं या फिर जाते ही नहीं हैं।
इसके साथ ही हम भोपाल के साथ ही मध्यप्रदेश की टूरिज्म डेस्टिनेशन को भी प्रमोट करते हुए आगे बढ़ते हैं। यह यात्रा 19 नवंबर को दिल्ली में खत्म होगी। इन दिनों राजस्थान टूर जारी है।
हमारा मध्यप्रदेश दूसरे राज्यों से बेहतर, किया प्रमोट
अमरजीत ने बताया कि इस दौरान हमने मध्यप्रदेश को प्रमोट किया। सफर के दौरान हमें कई लोग मिले, जिन्होंने हमने मध्यप्रदेश के बारे में जानकारी मांगी। हमने उन्हें हमारे प्रदेश और खूबसूरती के बारे में बताया कि कैसे हमारे यहां कुदरती खूबसूरती के अलावा जंगल, पहाड़, नदियां और तालाब हैं। हमारा मध्यप्रदेश दूसरों की तुलना में बहुत बेहतर है।
लद्दाख और नॉर्थ इंडिया बहुत चैलेंजिंग
अमरजीत ने बताया कि इस पूरे सफर में अगर चैलेंज की बात करें तो लद्दाख और नॉर्थ इंडिया बहुत चैलेंजिंग रहा। लद्दाख में खासतौर पर जंसकार वैली में जाने के लिए आपको पत्थरों की बनी सड़कों पर गाड़ी चलानी होती है, यहां सड़क नहीं, बल्कि कच्चे चट्टानी इलाके होते हैं।
साथ ही यहां के तापमान का कोई भरोसा भी नहीं होता। इसके अलावा नॉर्थ इंडिया में भी हमें सड़कों को लेकर बहुत सारे चैलेंजे फेस करना पड़े। खासतौर पर वहां सब कुछ जल्दी बंद हो जाता है और रास्तों को लेकर बोर्ड आदि नहीं होते, जिसके चलते पर्यटक के तौर पर बहुत दिक्कत होती है।
अनसीन लोकेशन, जाएं रोड टू हेवन
अमरजीत ने बताया कि अगर आपको जाना है तो कच्छ में रोड टू हेवन जा सकते हैं। यह हमारे देश की एक अनसीन लोकेशन है। यहां बहुत कम लोग जाते हैं। इसकी खासियत यह है कि पानी के बीच में एक पतली सी सड़क है, जो आपको एक अमेजिंग एक्सपीरिएंस देती है। इसके अलावा मुषप्पिलंगाड़ बीच केरल का एकमात्र ड्राइव करने लायक बीच के रूप में प्रसिद्ध है।
कण्णूर के तलश्शेरी से लगभग 7 किमी दूर स्थित इस तट पर आपको 4 किमी लंबा बालुका तट दिखाई पड़ता है, जहां आप कार से ड्राइव करते हुए खूबसूरत मलाबार तट का विहंगम नजारा देख सकते हैं।

