भोपाल । देर रात मध्य प्रदेश सरकार ने आइएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं जिसमें शहडोल की वर्तमान कलेक्टर वंदना वैद्य को यहां से हटाकर तरुण भटनागर को नया कलेक्टर बनाया है। तरुण भटनागर 2012 बैच के आइएएस हैं। शिवराज सिंह सरकार में इनको निवाड़ी कलेक्टर के पद पर रहते हुए हटाया गया था।
तत्कालीन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 28 दिसंबर 2022 को गढ़कुंडार महोत्सव में भरे मंच से भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी तरुण भटनागर को निवाड़ी कलेक्टर के पद से हटाने का ऐलान किया था। शिवराज सिंह चौहान के इस तरीके से मध्य प्रदेश के ब्यूरोक्रेट्स नाराज भी हुए थे। शिवराज ने कलेक्टर को पटवारी की तरह हटा दिया था।
शिवराज सिंह चौहान ने मंच से ऐलान किया था कि, यहां के कलेक्टर अच्छा काम नहीं कर रहे इसलिए मैं निवाड़ी कलेक्टर को हटाता हूं। इसके साथ उन्होंने तहसीलदार को भी हटाने का ऐलान किया था। मंच से मुख्यमंत्री के शब्द कुछ इस प्रकार के थे मानो वह कलेक्टर को नहीं बल्कि तृतीय श्रेणी कर्मचारी, पटवारी को हटाने का ऐलान कर रहे हों। अब तरुण भटनागर को कलेक्टर शहडोल के रूप में नई जिम्मेदारी दी गई है देखना यह है कि आदिवासी बहुल शहडोल जिले में इनका कार्यकाल कैसा रहता है।