Bhopal. शिवराज सिंह चौहान वाला प्लान नहीं चलेगा। मोहन यादव वाला बनेगा, और वही लागू होगा। शायद नई सरकार का यही मानना है। और इस पर क्रियान्वयन भी शुरू कर दिया गया है। पहले जब अधिकारियों ने नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से मास्टर प्लान को लेकर चर्चा की तो उन्होंने साफ कहा कि ये मास्टर प्लान नहीं चलेगा।
आज नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, कृष्णा गौर समेत सांसद-विधायकों की मीटिंग में यह फैसला लिया गया कि भोपाल के मास्टर प्लान का ड्राफ्ट नए सिरे से बनेगा। शहर की साल 2047 की आबादी के हिसाब से तैयार होगा। मौजूदा ड्राफ्ट को स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नकार दिया। अब जो नया ड्राफ्ट बनेगा, वह जनप्रतिनिधियों के दिए गए सुझावों के आधार पर ही तैयार होगा। जबकि पूर्व सीएम शिवराजसिंह के समय नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने वर्तमान वाला मास्टर प्लान तैयार करवाया था।उसके लिए आपत्ति और सुझाव भी ले लिए गए थे। ड्राफ्ट तैयार करवा लिया गया था। अचानक इसे रोक दिया गया। उस समय केवल एक विधायक की असहमति सामने आई थी। आज की बैठक में अचानक सारे जन।प्रतिनिधि मास्टर प्लान के ड्राफ्ट के खिलाफ दिखे।
सुव्यवस्थित विकट और बेहतर सुविधाएं...
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री विजयवर्गीय ने मीटिंग में कहा कि राजधानी भोपाल का मास्टर प्लान जनप्रतिनिधियों के दिए गए सुझावों के आधार पर तैयार किया जाएगा। यह मास्टर प्लॉन वर्ष 2047 की आबादी को ध्यान में रखकर तैयार होगा। राजधानी का सुव्यवस्थित विकास हो और नागरिकों को सभी बुनियादी सुविधाएं सुलभ तरीके से मिल सके, इसके लिए सभी आवश्यक प्रावधान किए जाएंगे।
महापौर मालती राय, सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर, विधायक रामेश्वर शर्मा, आतिफ अकील, पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह, सचिव नीरज मंडलोई मौजूद थे।
तालाब और पुरातत्वीय विरासत को देखते हुए बनाएंगे।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भोपाल के तालाब विशेष रूप से बड़ा तालाब राजधानी की लाइफ लाइन माना जाता है और भोपाल आने वाले पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहता है। तालाब और भोपाल की पुरातत्वीय विरासत को संरक्षित करते हुए मास्टर प्लान में प्रावधान किए जाएंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कहा कि राजधानी भोपाल का पृथक से ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाएगा। इसमें सड़कों की पर्याप्त चौड़ाई, फ्लाई ओवर और मेट्रो सेवा के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मास्टर प्लान को लेकर यह फैसला
• भोपाल मास्टर प्लान का नए सिरे से ड्राफ्ट तैयार किया जाएगा।
• संपूर्ण प्रक्रिया दिसंबर-2024 तक पूरी की जाएगी।
• पूर्व के मास्टर प्लान के ड्राफ्ट में प्राप्त करीब 5 हजार से अधिक आपत्तियों को ध्यान में रखकर नवीन ड्राफ्ट मई-2024 में प्रकाशित किया जाएगा।
• 30% कम्पाउंडिंग नकद भुगतान पर करने के लिए अगस्त-2024 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा।
• नवीन मास्टर प्लान अब वर्ष 2031 के स्थान पर वर्ष 2047 तक की आवश्यकताओं के आधार पर बनाया जाएगा।
अफसरों ने प्रजेंटेशन भी दिया
मास्टर प्लान का प्रजेंटेशन आयुक्त टाउन एंड कंट्री प्लानिंग श्रीकांत भानोत और ज्वाइंट डायरेक्टर सुनीता सिंह ने दिया। प्रजेंटेशन के आधार पर जनप्रतिनिधियों ने आवश्यक सुझाव दिए।