भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने आरोप लगाया है कि शिवराज जी ने अपने 18 वर्ष के कार्यकाल में किसान भाइयों पर अत्याचार करने का विश्व रिकॉर्ड बनाया है। मंदसौर में किसानों पर गोली चलाना, कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई किसान कर्ज माफी को बंद करना, किसान भाइयों को खाद, बीज और न्यूनतम समर्थन मूल्य के लिए परेशान करना और आमदनी दोगुनी करने का वादा करने के बाद किसानों की आमदनी घटा देना शिवराज सरकार की पहचान है।
किसानों पर शिवराज जी के अत्याचार को समाप्त करने का समय आ गया है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही
किसानों को गेहूं का ₹2600 प्रति क्विंटल और धान का ₹2500 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य दिया जाएगा और इसे बढ़ाकर फिर ₹3000 प्रति क्विंटल कर दिया जाएगा। किसान भाइयों का कर्ज माफ किया जाएगा। उन्हें 5 हॉर्स पावर कनेक्शन पर बिजली मुफ्त दी जाएगी। 10 हॉर्स पावर तक बिजली का बिल हाफ आएगा।सिंचाई के लिए किसानों को 12 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाएगी। किसानों को सही समय पर समुचित खाद और बीज उपलब्ध कराया जाएगा। किसानों पर लगाए गए फर्जी मुकदमे वापस लिए जाएंगे।
कांग्रेस आएगी, खुशहाली लाएगी।

