गुना। गुना जिले के दौरे पर आए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने क्रिकेट में हाथ आजमाए। शनिवार देर रात 12 बजे वे जैन प्रीमियर लीग में शामिल हुए। मैदान में बल्ला पकड़कर चौके और छक्के जड़े।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री ब्राह्मण समाज के सम्मेलन में शामिल हुए। यहां मंच पर मौजूद गुना से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य के लिए कहा, ‘शाक्य जी की शैली अद्भुत है। कथावाचक के रूप में रहते हैं। या तो यॉर्कर फेंकते हैं या गुगली फेंकते हैं। यॉर्कर और गुगली फेंकने के बाद आराम से चुपचाप जाकर बैठ जाते हैं।’
रविवार सुबह सिंधिया ने पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक ली। सरस्वती शिशु मंदिर में हिंदी साहित्य भारती के कार्यक्रम में भी शामिल हुए।
ब्राह्मण समाज ने हमेशा देश को मार्गदर्शन दिया
केंद्रीय मंत्री दो दिन के गुना दौरे पर हैं। ब्राह्मण समाज के सम्मेलन में उन्होंने कहा, ‘ब्राह्मण समाज के साथ सिंधिया परिवार का पीढ़ियों का रिश्ता रहा है। ब्राह्मण समाज ने हमेशा देश को मार्गदर्शन दिया है। ब्राह्मण समाज हमेशा पूजनीय है। समाज ने इस देश को कई हस्तियां दी हैं। चार-चार राष्ट्रपति ब्राह्मण समाज से हुए। समाज के लोग प्रधानमंत्री के पद तक भी पहुंचे हैं।’ इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार, लोकसभा संयोजक राधेश्याम पारीक, वरिष्ठ नेता सूर्यप्रकाश तिवारी भी मंच पर मौजूद रहे।