भोपाल। जस्टिस सत्येन्द्र कुमार सिंह मध्य प्रदेश के नए लोकायुक्त बने हैं। रविवार रात राजभवन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। वह प्रदेश के आठवें लोकायुक्त होंगे जो एनके गुप्ता की जगह लेंगे। एनके गुप्ता का कार्यकाल 17 अक्टूबर 2023 को समाप्त हो गया था, पर नए लोकायुक्त की नियुक्ति नहीं हो पाने के कारण नियमानुसार उनका कार्यकाल स्वत: बढ़ गया था।
सत्येन्द्र कुमार सिंह इसके पहले विधि एवं विधायी कार्य विभाग में प्रमुख सचिव भी रह चुके हैं। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, राज्य मुख्य सूचना आयुक्त एके शुक्ला उपस्थित थे।
इधर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया है कि नए लोकायुक्त की नियुक्ति में निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा एक नाम पर अपना अंतिम निर्णय लेकर लोकायुक्त नियुक्ति की अधिसूचना नौ मार्च को जारी कर दी गई है, जिसमें नेता प्रतिपक्ष के नाते मुझसे कोई परामर्श नहीं लिया गया।

