भोपाल।मध्यप्रदेश और राजस्थान के बीच पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ERCP) प्रोजेक्ट में पानी के बंटवारे को लेकर समझौता हो गया है। दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की मौजूदगी मध्यप्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव और राजस्थान के सीएम भजन लाल शर्मा ने MOU साइन किया। रविवार शाम करीब 7.30 बजे दोनों सरकारों के बीच सहमति बनी।
इससे मध्यप्रदेश में 10 जिलों के दो लाख किसानों को फायदा होगा। उनकी 4.12 लाख हेक्टेयर जमीन सिंचित होगी। मध्यप्रदेश के जलसंसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि यह मध्यप्रदेश और राजस्थान के लिए बड़ी सौगात है। इससे किसानों के खेतों तक पानी पहुंचेगा। कृषि आधारित हमारी अर्थव्यवस्था और मजबूत होगी।
इससे पहले, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को जयपुर पहुंचकर राजस्थान के सीएम भजन लाल शर्मा के साथ बैठक की। दोनों स्टेट सीएम ने साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ERCP पर काम आगे बढ़ाने की बात कही। दोनों राज्य पानी के बंटवारे पर विवाद को सुलझाने को राजी हुए। फिर साथ में ही दिल्ली के लिए रवाना हुए।
