भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार सुबह बच्चों की पिटाई का एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में एक युवक डंडे से पांच बच्चों की पिटाई कर रहा है। सभी बच्चों के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हैं। जीतू ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर भाजपा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है।
इस पोस्ट पर भाजपा भी हमलावर हो गई। भाजपा प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कहा- पटवारी जी प्रदेश को बदनाम करने का पाप मत कीजिए। वहीं, पार्टी प्रवक्ता आशीष अग्रवाल ने कहा- टूटता दल हो, बिखरता बल हो तो राजनीतिक मोतियाबिंद हो ही जाता है।
जीतू पटवारी ने वीडियो जबलपुर का होने के दावे के साथ ये पोस्ट सुबह 8 बजे की और सवा नौ बजे डिलीट कर दी। फिर एक मिनट बाद इसी वीडियो को दोबारा शेयर किया, जिसमें डा.मोहन यादव151 जी की जगह नरेंद्र मोदी जी टैग किया। इसमें वीडियो जबलपुर का होने का दावा नहीं किया। जबलपुर एसपी ने भी इससे इनकार किया है।
