भोपाल। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संचार प्रमुख एवं राज्यसभा सदस्य जयराम रमेश ने भोपाल में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दावा किया कि कांग्रेस जो गारंटी देती है उसे पूरा भी करती है। जयराम रमेश ने कहा, कर्नाटक विधानसभा चुनाव से हमारी राजनीति में एक नया शब्द शामिल हुआ, वो है गारंटी। मध्यप्रदेश में 12 गारंटी योजना की घोषणा की गई है। जिसमें महिलाओं के लिए, किसानों के लिए, युवाओं के लिए और आदिवासियों के लिए है। कह देना तो आसान है लेकिन कर दिखाना बड़ा कठिन है। वादे तो सभी करते हैं, लेकिन हम गारंटी का वादा करते हैं।
जयराम रमेश ने गिनाई मध्यप्रदेश में कांग्रेस की गारंटी :
किसानों का कर्ज माफ
100 यूनिट बिजली माफ, 200 यूनिट हाफ
पुरानी पेंशन लागू
500 रूपए में गैस सिलेंडर
महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए
2 लाख खाली सरकारी पद भरेंगे
स्कूली छात्रों को छात्रवृत्ति
MSP की गारंटी
युवाओं को ₹3000 बेरोजगारी भत्ता
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून का नाम बदलकर किया प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना :
जयराम रमेश ने कहा, PM मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना अगले 5 साल तक और चलेगी। इसका मतलब है कि देश में आर्थिक पीड़ा है और आर्थिक विषमताओं से जनता परेशान है। जब कांग्रेस सरकार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून लेकर आई थी, तब यही मोदी जी मुख्यमंत्री के तौर पर इसका विरोध करते हुए कहते थे कि ये समाज पर कलंक है। बाद में इन्होंने ही राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून का नाम प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना कर दिया था।
उन्होंने कहा कि मनमोहन सरकार के समय वन अधिकार अधिनियम बनाया गया। इसमें वन क्षेत्र के लोगों को पट्टे देने का प्रावधान था। अफसोस की बता है कि, मध्यप्रदेश में 3 लाख से ज़्यादा पट्टों को निरस्त कर दिया गया। यहां तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए सही दाम नहीं हैं, जिसके लिए हमने घोषणा भी की है। इसी के साथ मध्यप्रदेश में भी इलाज के लिए 25 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा।

