भोपाल। आईएएस अधिकारियों की सर्विस मीट टल गई है। शुक्रवार 2 फरवरी से सर्विस मीट शुरू होने वाली थी जिसे आईएएस आफिसर्स एसोसिएशन ने फिलहाल टाल दिया है। यह सर्विस मीट अब कब शुरू होगी, इसको लेकर फैसला नहीं हो सका है।
एसोसिएशन के सचिव विवेक पोरवाल बताते हैं कि आईएएस सर्विस मीट होगी तो जरूर पर फिलहाल इसकी नई तारीख तय नहीं की गई है। दो फरवरी से होने वाली सर्विस मीट को स्थगित करने के कई कारण हैं जिसमें बच्चों के एग्जाम, चुनाव की तैयारियां, बजट सत्र समेत अनेक कारण हैं। नई तारीख को लेकर एसोसिएशन जल्द ही बैठक करके फैसला करेगा। इसमें यह ध्यान रखा जाएगा कि सभी अफसरों के परिवार जन शामिल होकर एंजाय कर सकें। यहां गौरतलब है कि पूर्व में तय कार्यक्रम के मुताबिक आईएएस सर्विस मीट शुक्रवार दो फरवरी से प्रशासन अकादमी में सीएम डॉ मोहन यादव के उद्बोधन और एक्सपर्ट्स के व्याख्यान के बाद शुरू होने वाली थी।
अरेरा क्लब में होंगे खेलकूद कार्यक्रम
सर्विस मीट को लेकर जो कार्यक्रम तय हैं, उसमें आईएएस अफसरों के परिजन क्रिकेट, वॉलीवाल, टेबल टेनिस सहित कई खेलों में अपना कौशल दिखाएंगे। अरेरा क्लब में वॉलीवाल, फुटबाल, क्रिकेट, टेबिल टेनिस, बैडमिंटन और कुर्सी दौड़, क्विज कांपीटीशन होगा। खजाने की खोज जैसे कई आयोजन बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए आयोजित किए जाएंगे।
इस बार अलग-अलग समूहों में नहीं होंगे इवेंट
एसोसिएशन ने तय किया है कि इस बार अलग-अलग समूह बनाकर प्रतियोगिताएं नहीं होंगी। सभी को साथ लेकर आयोजन होंगे। साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नाटक, समूह गीत, संगीत से अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इसमें आईएएस अफसर गीत गुनगुनाते नजर आएंगे। समूह और एकल नृत्य प्रस्तुतियां भी होगी। नाटक का मंचन भी होगा। सांस्कृतिक आयोजन मिंटो हाल में ही होंगे।

